दमकल व आपातकालीन सेवाओं के मंत्री सुजीत बोस ने दी जानकारी
संवाददाता, कोलकाता.
राज्य सरकार ने दीपावली, छठ पूजा व जगद्धात्री पूजा के दौरान अग्निशमन व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए 51 अस्थायी दमकल केंद्र खोलने की योजना बनायी है. यह जानकारी गुरुवार को राज्य के दमकल मंत्री सुजीत बोस ने दी.
गौरतलब है कि कालीपूजा से लेकर जगद्धात्री पूजा तक दमकल विभाग की तैयारियों को लेकर विभागीय मंत्री ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक के बाद मंत्री सुजीत बोस ने कहा कि दिवाली, कालीपूजा, छठ पूजा और जगद्धात्री पूजा के मौके के लिए 51 और अस्थायी दमकल केंद्र व फायर एक्सटिंग्विशिंग सेंटर तैयार किये जा रहे हैं. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि पूजा के दिनों में बारासात, नैहाटी और राजारहाट में खास निगरानी रखी जायेगी. उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में 100 से अधिक स्थायी दमकल केंद्र हैं. इसके अलावा और 51 अस्थायी दमकल स्टेशन बनाये गये हैं. उन्होंने बताया कि ये अस्थायी दमकल स्टेशन कोलकाता, बारासात, नैहाटी और उन सभी जगहों पर बनाये जायेंगे, जहां पटाखे बेचे जाते हैं. मंत्री ने यह भी कहा कि विभाग के पास जितनी भी मोटरसाइकिलें हैं, उनका इस्तेमाल अग्निशमन व्यवस्था के रूप में किया जायेगा. उन्होंने बताया कि 19 अक्तूबर से विभाग के अधिकारी पंडालों व बाजारों का दौरा कर अग्निशमन व्यवस्था की जांच करेंगे. उन्हाेंने कहा कि जगद्धात्री पूजा के दौरान चंदननगर व आसपास क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
