नामखाना में बीमार पड़े 40 ग्रामीण

पूजा के प्रसाद से फूड प्वाइजनिंग

कोलकाता. दक्षिण 24 परगना के नामखाना इलाके में पूजा के प्रसाद खाने के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गये. घटना नारायणपुर ग्राम पंचायत के गणेशनगर इलाके की है, जहां सोमवार की रात राधाष्टमी पूजा के मौके पर ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया था. मंगलवार दोपहर के बाद से एक-एक कर लोगों की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गयी और देर रात तक करीब 40 लोग बीमार पड़ गये. जानकारी के अनुसार प्रसाद में पूड़ी, घुघनी और पकौड़ा बनाया गया था, जिसे इलाके के दर्जनों लोगों ने खाया. मंगलवार दोपहर से कई ग्रामीणों को अचानक पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते शाम तक बीमारों की संख्या बढ़ गयी. बीमार ग्रामीणों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं. सभी को तुरंत इलाज के लिए काकद्वीप और द्वारिकनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूत्रों के मुताबिक, इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तात्कालिक कदम उठाते हुए अस्पताल में अतिरिक्त व्यवस्था की है. डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम लगातार मरीजों की देखभाल में जुटी है. स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से अस्वस्थ मरीजों को बड़े अस्पतालों में स्थानांतरित करने की व्यवस्था रखी गयी है. साथ ही स्वास्थ्य विभाग यह जांच भी कर रहा है कि प्रसाद में फूड प्वाइजनिंग की वजह क्या थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

GANESH MAHTO is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >