सुंदरबन में गोमर नदी के तटबंध का 40 फुट हिस्सा धंसा

सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग को खबर दी.

धंसे हिस्से की अस्थायी रूप से की जा रही मरम्मत सुंदरबन. दक्षिण 24 परगना के सुंदरबन के पाखिरालय इलाके में गोमर नदी के तटबंध का लगभग 40 फुट हिस्सा धंस जाने से इलाके में दहशत फैल गयी. स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार को ज्वार के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था. तेज धारा और अतिरिक्त दबाव के चलते तटबंध का एक हिस्सा अचानक नदी में समा गया. सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग को खबर दी. खबर पाकर सिंचाई विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आपात मरम्मत कार्य शुरू किया. बालू से भरे बैग डालकर तथा मिट्टी भरकर धंसे हिस्से को अस्थायी रूप से रोकने का काम जारी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अस्थायी मरम्मत पूरी कर ली जायेगी, ताकि नदी का पानी गांव में प्रवेश न कर सके. बाद में स्थायी रूप से तटबंध के पुनर्निर्माण की योजना बनायी जायेगी. सिंचाई विभाग के अनुसार, फिलहाल नदी का पानी गांव में नहीं घुसा है, लेकिन स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. जिला परिषद के एक सदस्य ने बताया कि पाखिरालय के पुराने खेया घाट के पास पिछले कुछ दिनों से तटबंध की स्थिति खराब थी. धंसने की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और एसडीओ मौके पर पहुंचे. युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी है. गौरतलब है कि सुंदरबन क्षेत्र में ज्वार-भाटा के समय तटबंधों पर भारी दबाव पड़ता है, जिससे अक्सर कटाव और धंसने की घटनाएं सामने आती रहती हैं. फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाये हुए है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >