दिसंबर से बंद हो जायेंगे अवैध रूप से चलने वाले टोटो
राज्य सड़क मार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग पर नहीं चलेंगे टोटो
बारासात में लाइसेंस वाले टोटो के लिए 20 रूट निर्धारित
कोलकाता : हाइकोर्ट के निर्देश के बाद उत्तर 24 परगना जिला प्रशासन ने बारासात में अवैध रूप से चल रहे टोटो को बंद करने का निर्देश जारी किया है. साथ ही किसी भी टोटो के राज्य सड़क मार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग पर नहीं चलने का भी आदेश दिया है.
शुक्रवार को जिलाधिकारी और बारासात नगरपालिका के चेयरमैन सुनील मुखर्जी के बीच हुई बैठक के बाद श्री मुखर्जी ने बताया बारासात नगरपालिका अंतर्गत कुल 6500 टोटो हैं, जिसमें से 3500 हजार टोटो बिना लाइसेंस के चल रहे हैं. अब उन्हें बंद कर दिया जायेगा और न ही अब नये सिरे से किसी को लाइसेंस दिया जायेगा और जो टोटो चलेंगे उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग अथवा राज्य सड़क मार्ग पर नहीं चलाया जायेगा. इसके लिए 20 रूट भी तय किये गये हैं. दिसंबर से ही यह नियम लागू हो जायेगा.
