पहले डे-नाइट टेस्ट में भारत ने बांग्लादेश को पारी और 46 रन से हराया, छाये रहे तेज गेंदबाज
कोलकाता : भारत ने गुलाबी गेंद से मिलने वाली चुनौतियों पर खरा उतरते हुए पहले दिन-रात्रि टेस्ट में बांग्लादेश को पारी और 46 रन से हराकर घरेलू सरजमीं पर लगातार 12वीं सीरीज जीती. बांग्लादेश ने तीसरे दिन दूसरी पारी छह विकेट पर 152 रन से शुरू की और तब वह 89 रन से पिछड़ रही थी. इससे घरेलू टीम के लिए जीतने की औपचारिकता पूरी करना बस समय की बात थी.
कप्तान विराट कोहली की टीम ने यह काम 50 मिनट से भी कम समय में पूरा कर लिया, जिससे उन्होंने पारी की लगातार चौथी जीत अपने नाम की और वह ऐसा करने वाली पहली टीम बन गयी. मुशफिकुर रहीम (74) को छोड़कर बांग्लादेश के बल्लेबाज एक बार फिर भारत के शानदार तेज गेंदबाजी आक्रमण का सामना नहीं कर सके और पूरी टीम 41.1 ओवर में 195 रन पर सिमट गयी.
पहले दिन टीम 106 रन पर सिमट गयी थी. इस सीरीज में दूसरी बार मैच तीन दिन के भीतर खत्म हो गया. भारत ने इंदौर में सीरीज के शुरुआती मैच में बांग्लादेश को पारी और 130 रन से मात दी थी. इस 2-0 की शानदार जीत से भारत ने 120 अंक जुटाकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अपनी बढ़त भी बढ़ा ली और उनके सात मैचों में कुल 360 अंक हो गये हैं. मुशफिकुर ने 59 रन से खेलना शुरू किया, उन्होंने आक्रामकता दिखाते हुए इशांत शर्मा और रवींद्र जडेजा के ओवरों में दो चौके जमाये.
उमेश यादव ने मुशफिकुर की पारी का अंत किया, जो सही टाइमिंग नहीं करने से जडेजा को आसान कैच दे बैठे. उनकी पारी में 16 चौके जड़े थे. महमूदुल्लाह 39 रन पर रिटायर्ड हर्ट हुए थे, वह बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे. यादव ने फिर अल अमीन हुसैन को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया और भारत ने जीत हासिल की.
