कोलकाता : बंगाल के महापर्व दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह अपने चरम पर है. कई ऐसे पूजा आयोजन हैं, जिनकी तैयारियों में जहां मूल्यवान रत्नों का इस्तेमाल हो रहा है, वहीं आयोजनों के बजट देख कर आंखें चौधियां जा रही हैं. हालांकि एक ऐसा पूजा आयोजन भी है, जहां वरिष्ठ नागरिक ही आयोजन को अमलीजामा पहना रहे हैं.
न्यू टाउन के एक्शन एरिया में स्थित, वरिष्ठ नागरिकों के आवासन, स्नेहोदिया में ऐसा ही हो रहा है. महानगर में ऐसा पहली बार हो रहा है, जहां आयोजन के सभी पहलुओं को वरिष्ठ नागरिक अंजाम दे रहे हैं. चाहें वह कुम्हारटोली से प्रतिमा लाने का काम हो या फिर भोग की तैयारियों या फिर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, सबकुछ वरिष्ठ नागरिक ही कर रहे हैं. कुछ ऐसे भी वरिष्ठ नागरिक हैं, जिन्होंने अपनी युवावस्था में पूजा आयोजन में हिस्सा लिया था. वह इस आयोजन में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं. उनके उत्साह ने उनकी उम्र को पीछे धकेल दिया है.
उन्होंने जिम्मेदारियों को बांटने के लिए अपने में ही विभिन्न कमेटियां बनायी हैं. पंचमी के दिन इसका उद्घाटन होगा. रामकृष्ण मठ के महासचिव स्वामी सुबिरानंद तथा राज्य के आइटी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव देवाशीष सेन इसका उद्घाटन करेंगे. परिवहन विभाग की ओर से इस अभिनव पूजा को देखने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गयी है. परिवहन विभाग ने अपनी पूजा परिक्रमा में स्नेहोदिया को भी शामिल किया है.
