कोलकाता-लखनऊ के बीच नॉनस्टॉप डेली फ्लाइट्स
कोलकाता व गुवाहाटी के बीच चार अतिरिक्त उड़ानें
कोलकाता : एयरलाइंस गोएयर ने अपने नेटवर्क में 12 फ्लाइट जोड़े हैं. इससे एयरलाइंस की कुल रोजाना उड़ानों की संख्या 325 से ज्यादा हो गयी है. गोएयर ने बुधवार को कोलकाता-लखनऊ के बीच दो फ्लाइट और कोलकाता-गुवाहाटी के बीच चार फ्लाइट बढ़ाने की घोषणा की.
गोएयर के प्रबंध निदेशक जेह वाडिया ने कहा : गोएयर की 12 नयी फ्लाइट्स की पेशकश विस्तार योजनाओं के तहत की गयी. इसमें छह नयी फ्लाइट्स शुरू की गयी हैं, जबकि मौजूदा रूटों, कोलकाता-गुवाहाटी और चंडीगढ़-अहमदाबाद के रूट पर छह उड़ानें बढ़ायी गयी हैं. गोएयर की फ्लाइट संख्या जी8-250 कोलकाता से दोपहर 4.30 बजे रवाना होगी और शाम 6.10 बजे लखनऊ पहुंचेगी. फ्लाइट संख्या जी 8-251 लखनऊ से शाम 6.50 बजे पर रवाना होगी और 8.45 बजे कोलकाता पहुंचेगी. यह दोनों शहरों के बीच रोजाना सेवा होगी. इससे कारोबारियों और सैर-सपाटा करने के शौकीन पर्यटकों को काफी फायदा होगा. इन फ्लाइट्स के किराये 2010 रुपये से शुरू हैं.
गोएयर ने कोलकाता और गुवाहाटी के बीच चार अतिरिक्त फ्लाइट की घोषणा की है. इससे दोनों शहरों के बीच उड़ान भरनेवाली गोएयर की फ्लाइट्स कुल मिलाकर छह हो गयी है. फ्लाइट संख्या जी8-248 कोलकाता से सुबह 4.55 बजे रवाना होगी और सुबह छह बजे गुवाहाटी पहुंचेगी. यह विमान बुधवार और रविवार को 8.35 बजे कोलकाता से उड़ान भरेगा और 9.35 बजे गुवाहाटी पहुंचेगा. फ्लाइट संख्या जी8-253 गुवाहाटी से दोपहर 2.35 बजे उड़ान भरेगी और अपराह्न 3.50 बजे कोलकाता पहुंचेगी. इन फ्लाइट्स की मदद से कारोबारी तड़के कोलकाता छोड़कर अपनी सुबह की बैठकों में शामिल होने के लिए गुवाहाटी पहुंच सकेंगे और शाम को अपने घर कोलकाता वापस आ सकेंगे. इससे उनके समय, पैसे और मेहनत की बचत होगी. इन उड़ानों का संचालन रोज किया जायेगा.
फ्लाइट संख्या जी8-252 कोलकाता से 12.25 बजे रवाना होगी और 1.40 बजे गुवाहाटी पहुंचेगी. फ्लाइट संख्या जी8-249 गुवाहाटी से 10.35 बजे रवाना होकर 11.50 बजे कोलकाता पहुंचेगी. बुधवार और रविवार को छोड़कर ये उड़ानें रोज संचालित की जायेंगी.
