भागलपुर/कोलकाता :भागलपुर से कोलकाता आ रही पगला बाबा बस को यात्रियों के साथ डकैतों ने मंगलवार की रात हाइजैक कर लिया. ड्राइवर को मारपीट कर डकैतों ने पहले हथियार के बल पर सीट से उठाया और खुद ही बस चलाते गाड़ी को मसानजोर डैम से पहले बागनल के समीप जंगल में ले गये.
आठ से 10 की संख्या में बस पर सवार डकैतों ने तकरीबन आधे घंटे तक यात्रियों के साथ जमकर लूटपाट की और इस दौरान उनसे करीब 3.5 लाख रुपये कैश, 15 मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूट लिये. डकैतों ने इस दौरान यात्रियों के साथ मारपीट भी की. घटना को अंजाम देने के बाद डकैतों ने बस ड्राइवर को वाहन आगे ले जाने का निर्देश दिया.
यात्रियों की मानें, तो एक संदिग्ध भागलपुर से ही बस की नौ नंबर सीट पर बैठा था. अपने साथियों का साथ मिलते ही उसने भी यात्रियों पर हथियार तान दिया.
होटल में सवार हुए थे डकैत, जमकर की मारपीट
भागलपुर के पुरैनी निवासी अफजल ने बताया कि वह सीट नंबर 10 पर बैठा था. दुमका में रिया रमन लाइन होटल में बस ड्राइवर ने बस को रोका. सब ने यहां खाना खाया. करीब साढ़े बारह बजे बस पर एक बार फिर सभी लोग सवार हो गये. यहीं, लाइन होटल में सात से आठ लोग अतिरिक्त यात्री के रूप में सवार हो गये. कुछ दूर जाने पर अचानक सभी डकैत हरकत में आ गये.
