वीडियो फुटेज में रुपये लेते हुए देखे जाने के बारे में हो सकती है पूछताछ
गुरुवार सुबह निजाम पैलेस में बयान दर्ज कराने के लिए आने का निर्देश
कोलकाता : सारधा चिटफंड मामले की जांच के साथ-साथ अब सीबीआइ ने नारद स्टिंग मामले की भी जांच में तेजी लायी है. बुधवार को इस मामले में आइपीएस अधिकारी एसएमएच मिर्जा को सीबीआइ दफ्तर आने का नोटिस भेजा गया. उन्हें गुरुवार सुबह निजाम पैलेस स्थित सीबीआइ दफ्तर आने को कहा गया है.
सीबीआइ सूत्र बताते हैं कि नारद स्टिंग के एक वीडियो फुटेज में एक व्यक्ति को रुपये का बंडल लेते देखा गया था. वह व्यक्ति बिल्कुल आइपीएस अधिकारी एसएमएच मिर्जा से जैसा दिख रहा है. वह व्यक्ति आइपीएस मिर्जा ही है, या नहीं. अगर फुटेज में दिखनेवाला व्यक्ति वही हैं, तो वह रुपये क्यों व किसके लिए ले रहे थे. उन रुपयों का उन्होंने क्या किया. किसके कहने पर वे रुपये ले रहे थे. इसके बदले वे रुपये देनेवाले के लिए क्या सुविधाएं उपलब्ध करवानेवाले थे.
रुपये देनेवाला व्यक्ति उनके पास कैसे आया. इन सवालों का जवाब सीबीआइ अधिकारी उनसे करना चाहती है. बताया जा रहा है कि इस मामले में इससे पहले भी एक अन्य सेंट्रल एजेंसी इस आइपीएस अधिकारी से पूछताछ कर चुकी हैं.
