कोलकाता : गार्डेनरीच इलाके की हुगली जूट मिल में रविवार को प्रबंधन ने तालाबंदी की घोषणा कर दी. प्रबंधन ने मिल गेट पर कार्य स्थगन का नोटिस चस्पा कर दिया है. इससे मिल के साढ़े तीन हजार श्रमिकों के सामने रोजी-रोटी की समस्या पैदा हो गयी है.
सूत्रों के अनुसार, मालिक पक्ष की ओर से 65 टन उत्पादन करने का निर्देश दिया गया था. वहीं श्रमिक प्रति माह 45 टन उत्पादन कर पा रहे थे. इसी को लेकर काफी दिनों से प्रबंधन के साथ टकराव की स्थिति बनी हुई थी. दूसरी ओर, यह भी खबर है कि मालिक पक्ष की ओर से कच्चा माल नहीं उपलब्ध कराया जा रहा था.
यहां तक कि शनिवार की रात भी यहां काम जारी था. अचानक इस तरह की स्थिति उत्पन्न होने के कारण श्रमिकों में काफी असंतोष है. इन लोगों ने राज्य सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है.
भारतीय मजदूर यूनियन की हुगली जूट मिल शाखा के महासचिव रामजी मिश्रा ने कहा: प्रबंधन की ओर से जारी नोटिस में मिल बंद होने का कारण कम उत्पादन होना बताया गया है. भाजपा नेता इरशाद अहमद ने मिल के बंद होने पर निराशा जतायी है.
गौरतलब है कि पोर्ट इलाके में स्थित इस जूट मिल में बनी सामग्री देश-विदेश में अापूर्ति की जाती है. यहां गार्डेनरीच के साथ आसपास के इलाकों के भी श्रमिक काम करते हैं. मिल के बंद होने से श्रमिक मायूस हैं. उन्होंने रविवार को मिल गेट पर प्रदर्शन किया.
