कोलकाता : बंगाल की सभी जलयान सेवाओं को एक छत के नीचे लाने का प्रयास शुरू किया गया है. कैबिनेट ने जून माह में ही अनुमति मिलने के बाद यह कदम उठाया गया है. प्रारंभिक तौर पर पश्चिम बंगाल परिवहन विभाग ने बंगाल के प्रमुख 104 जेटी को चिन्हित कर अपने अधीन लेने का सिद्धांत लिया है. इसके साथ ही 24 और जेटी हैं, जहां से अधिक लोगों का अवागमन होता है. उन्हें दिसंबर से ही अपने नियंत्रण में ले लिया जायेगा. ये बातें मंगलवार को राज्य के परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहीं.
मंगलवार को मिलेनियम पार्क में दर्जनों जलयानों का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि एक रोरो वैसेल समेत 35 अत्याधुनिक जलयानों का उद्घाटन हुआ. जल्द ही वर्ल्ड बैंक की एक परियोजना भी शुरू होनेवाली है, जिसमें तीन हजार करोड़ रुपये की लागत से यात्री, माल वाहन और टूरिज्म को बढ़ावा दिया जायेगा. राजमार्ग के विकल्प के रूप में यह प्रोजेक्ट होगा. हल्दिया से गंगा तक जलयान होगा.
इसमें प्रथम काम शुरू हो गया है. तीन चरणों में काम होगा. हल्दिया से मुक्तिपाड़ा तक, फिर इस तरह से तीसरे फेज में फरक्का तक सर्विस होगी. इसमें आठ रोरो के साथ ही कई अत्याधुनिक जलयान सेवाएं आयेंगी. उन्होंने कहा कि प्रदूषण मुक्त करने के लिए जलयान सेवाओं पर अधिक बल दिया जा रहा है.
मेट्रो की तर्ज पर होगा टोकन सिस्टम
उन्होंने बताया कि मेट्रो की तर्ज पर ही लंच सेवा के लिए टोकन सिस्टम चालू किया गया है, जो फिलहाल पहला प्रयोग के तौर पर मिलेनियम पार्क लंच घाट पर लगाया गया है और अगर यह प्रयोग सफल हुआ, तो इसे भी पूरे जगहों पर लागू कर दिया जायेगा. मंगलवार को मिलेनियम पार्क में परिवहन विभाग की ओर से रो-रो सेवा समेत 35 जलयानों का उद्घाटन किया गया. इसमें 11 लकड़ियों से बनी जलयान, चार स्टील से बनी वेसेल, छह 40 यात्रियों की क्षमता वाली जलयान, छह 60 यात्रियों की क्षमता वाली जलयान और चार 80 यात्रियों की क्षमता वाली जलयान शामिल रहीं.
रो-रो वेसेल से एक बार में चार ट्रक, चार कार व चार मोटरसाइकिल नदी पार कराया जा सकेगा. उद्घाटन अवसर पर पश्चिम बंगाल परिवहन निगम के चेयरमैन रछपाल सिंह, पश्चिम बंगाल परिवहन आधारभूत विकास निगम लिमिटेड (डब्ल्यूबीटीआइडीसीएल) के चेयरमैन दिनेज बजाज, शालीमार वर्कस लिमिटेड के चेयरमैन अरुण सेन गुप्ता, डब्ल्यूबीटीसी के डॉयरेक्टर स्वर्ण कमल साहा, विधायक नयना बंदोपाध्याय समेत अन्य उपस्थित थे.
कोन्ननगर निवासियों को मिला तोहफा
हुगली. जिले के कोन्नगर के निवासियों के सुविधार्थ दुर्गा पूजा के अवसर पर राज्य सरकार की ओर से दो वेसेल का तोहफा दिया गया है. तोहफे में एमडी शरद और अंजली नामक दो वेसेल मिले हैं. यह दोनों वेसल कोननगर पानीहाटी जल पथ परिवहन विभाग को सोमवार को सौंप दिया गया. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अनुप्रेरणा से परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तरपाड़ा के विधायक प्रवीर घोषाल के उपस्थिति में कोन्नगर नगरपालिका के चेयरमैन बाप्पादित्य चटर्जी को यह सौंप दिया.
