कोलकाता : भारत संचार निगम लिमिटेड के सीएमडी अनुपम श्रीवास्तव नौ अक्तूबर को बंगाल व कोलकाता के ग्राहकों से ट्वीटर के माध्यम से ऑनलाइन जुड़ेंगे. इस दौरान कोलकाता के साथ बंगाल भर के बीएसएनएल ग्राहक अपनी शिकायतों या समस्याओं को सीएमडी के समक्ष रख सकेंगे. इसके अलावा सिक्किम के ग्राहक भी बात कर करेंगे. उक्त जानकारी भारत संचार निगम लिमिटेड, पश्चिम बंगाल टेलीकाॅम सर्किल के महाप्रबंधक (मार्केटिंग) एमसी प्रमाणिक ने दी.
प्रभात खबर से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि सीधे तौर पर बीएसएनएल के शीर्ष नेतृत्व से जुड़ने से जहां ग्राहकों को बीएसएनएल के प्रति विश्वास में बढ़ोतरी होगी, वहीं देशभर के ग्राहकों के सुझावों भी बीएसएनएल को प्राप्त होगा.
बीएसएनएल के 18 वर्ष पूरे होने पर कई ऑफर : महाप्रबंधक ने बताया कि बीएसएनएल की स्थापना एक अक्तूबर 2000 में हुई थी. एक अक्तूबर को बीएसएनएल ने अपना 18वां स्थापना दिवस मनाया गया. इस अवसर पर हमने अपने ग्राहकों के लिए बीएसएनएल एनिवर्सरी ऑफर एसटीवी-18 लॉन्च किया है. इस प्लान के तहत ग्राहक 18 रुपये का वॉउचर रिचार्ज कराकर दो दिन तक अनलिमिटेड वीडियो कॉल, वॉयस काल और इंटरनेट डाटा इस्तेमाल कर सकेंगे.
इसके साथ ही 1801,1201 और 601 रुपये का वॉउचर अॉफर लॉन्च किया गया है, जिसमें 1801 वॉउचर पर 2125 रुपये टॉक वैल्यू 90 दिनों के लिए, 1201 वॉउचर पर 1417 रुपये का टॉक वैल्यू 90 दिनों तक और 601 रुपये का वॉउचर रिचार्ज कराने पर ग्राहकों को 709 रुपये का टॉक वैल्यू 90 दिन तक प्राप्त होगा.
इसके साथ डाटा भी प्राप्त होगा. बीएसएनएल के 108 रुपये कथककली वॉउचर अॉफर की जानकारी देते हुए बताया कि इसे चार्ज कराकर ग्राहक को 90 दिनों तक अनलिमिटेड वॉयस कॉल व डाटा प्राप्त होगा.
वर्तमान में बंगाल में बीएसएनएल के कुल 10.5 लाख ग्राहक हैं. बीएसएनएल के ग्राहकों की संख्या बढ़ाने के लिए भारत संचार निगम लिमिटेड की ओर से बंगाल भर में तरह-तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है.
इनमें मेला डे का आयोजन सबसे महत्वपूर्ण है. मेला-डे के तहत प्रत्येक शुक्रवार को बीएसएनएल के अधिकारी व कर्मचारी राज्यभर के किसी ना किसी इलाके में जाकर कैंप लगाते हैं. इस दौरान बीएसएनएल के अॉफर के बारे में जनता को जानकारी दी जाती है. मेला डे के आयोजन से ग्राहकों की संख्या में वृद्धि हुई है.
