कोलकाता : कलकत्ता यूनिवर्सिटी से एफिलियेटेड कई कॉलेजों में तीसरे चरण में भी दाखिला लिया जा रहा है. 20 अगस्त दाखिले की अंतिम तिथि घोषित की गयी थी. इसके बाद भी कई विभागों में सीटें खाली रहने के कारण तीसरे चरण में दाखिला लिया जा रहा है.
इस कारण छात्रों की पढ़ाई का नुकसान होगा. बाद में दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए कॉलेजों में अतिरिक्त कक्षाएं ली जायेंगी. इसकी एक सूचना उच्च शिक्षा विभाग द्वारा कॉलेजों को जारी की गयी है.
इसमें कॉलेज के प्रिंसिपलों को कहा गया है कि छात्र अपने प्रथम सेमेस्टर परीक्षा की तैयारी ठीक से कर सकें, इसके लिए उनकी एक्सट्रा क्लास होनी चाहिए. च्वाइस्ड-बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) के तहत छात्रों को दिसंबर में प्रथम सेमेस्टर की तैयारी कराने के लिए कॉलेजों को विशेष व्यवस्था करनी होगी. इस साल यूनिवर्सिटी में सीबीसीएस प्रणाली बीए, बीएससी में शुरू की गयी है. इसके लिए कक्षाएं मध्य जुलाई से शुरू हो चुकी हैं. उल्लेखनीय है कि शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी ने कई विभागों में सीटें खाली रहने के कारण फिर से 31 अगस्त तक दाखिला देने की अनुमति दी है.
इस कारण कुछ छात्रों को पढ़ाई का नुकसान हो सकता है. इसकी भरपाई करने के लिए अतिरिक्त क्लास लेने के लिए शिक्षकों को कहा गया है. यूनिवर्सिटी की वाइस चांसलर सोनाली चक्रवर्ती का कहना है कि सभी कॉलेजों से इसके लिए अपील की गयी है, ताकि समय पर असेस्मेंट व सिलेबस भी पूरा किया जा सके. यूनिवर्सिटी में सीबीएससी प्रणाली बीकॉम. में पिछले साल शुरू की गयी थी. तीन साल के कोर्स के लिए परीक्षा प्रत्येक 6 माह में की जाती है.
कोर्स को समय पर पूरा करना बहुत जरूरी है, तभी छात्र प्रथम सेमेस्टर के लिए तैयारी कर पायेंगे. इस प्रणाली के तहत छात्रों की पर्याप्त उपस्थिति भी अनिवार्य है. अब अगर कक्षाएं देरी से शुरू होती हैं व कॉलेज में अतिरिक्त कक्षाएं नहीं ली जाती हैं तो छात्र परीक्षा में फेल हो जायेंगे. कुछ प्रिंसिपलों का कहना है कि देर तक दाखिला लेने से पढ़ाई पर इसका असर पड़ेगा. अतिरिक्त कक्षाअों के लिए भी अलग से एक व्यवस्था कॉलेजों को करनी होगी.
