कोलकाता : ख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ग्रामीण विकास से जुड़े कामकाज में उल्लेखनीय प्रगति नहीं होने के कारण चार मंत्रियों को फटकार लगायी है. उन्होंने चेतावनी के लहजे में स्पष्ट कर दिया कि ग्रामीण विकास से जुड़े विभागों में सुस्ती का खमियाजा मंत्री और अधिकारियों को भुगतना पड़ सकता है. मुख्यमंत्री के निशाने पर रहे मंत्रियों में शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम, पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री सुब्रत मुखर्जी, कृषि मंत्री प्रो. आशीष बनर्जी और सिंचाई मंत्री प्रो.
सोमेन महापात्र शामिल हैं. साथ ही मुख्यमंत्री ने भूमि सुधार विभाग के अंतर्गत बीएलआरओ के संदर्भ में विभागीय सचिव को स्पष्ट चेतावनी दी और कहा कि बीएलआरओ सही प्रकार से कार्य नहीं कर रहे हैं. नवान्न सभागार में आयोजित प्रशासनिक समीक्षा बैठक में वित्त मंत्री डॉ. अमित मित्रा, पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री सुब्रत मुखर्जी, कृषि मंत्री प्रो.
आशीष बनर्जी, परिवहन मंत्री शुभेन्दू अधिकारी, शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम, सिंचाई मंत्री प्रो. सोमेन महापात्र, खाद्य आपूर्ति मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक, आपदा प्रबंधन विभाग मंत्री जावेद खान, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य और आवासन मंत्री अरूप विश्वास शामिल थे.
जेटली के फिर से कार्यभार संभालने का ममता ने किया स्वागत
कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के गुरुवार को कार्यभार फिर से संभालने का स्वागत किया. जेटली ने किडनी प्रत्यारोपण के चलते कामकाज से दूरी बना रखी थी. ममता ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘यह जानकर खुशी हुई कि अरुण जेटलीजी की सेहत सर्जरी के बाद अच्छी है और वह आज से अपना कार्यभार फिर से संभाल रहे हैं. आपका स्वागत है. मेरी शुभकामनाएं.’ गत 14 मई को 66 वर्षीय वित्त मंत्री जेटली की किडनी का प्रत्यारोपण हुआ था.
सीएम पहुंचीं एसएसकेएम
कोलकाता. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार की शाम अचानक एसएसकेएम (पीजी) अस्पताल पहुंचीं. सीएम बंगाल गायक द्विजन मुखोपाध्याय को देखने अस्पताल पहुंची थीं. श्री मुखोपाध्याय पिछले कई दिनों से सांस की समस्या समेत कई अन्य बीमारियों से ग्रसित हैं, उनका पीजी में इलाज चल रहा है. उनका इलाज अस्पताल के वुडर्बन वार्ड में चल रहा है. सीएम करीब 8 बजे रात को अस्पताल पहुंची थीं तथा लगभग 10-11 मिनट तक अस्पताल में रहीं.
