कोलकाता : एटक समर्थित कोलकाता टैक्सी ऑपरेटर्स यूनियन व वेस्ट बंगाल टैक्सी ऑपरटेर्स यूनियन ने ओला-उबर के बेतहाशा सर्ज चार्ज के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की है. 10 जुलाई को टैक्सी संगठनों के स्वर्ण बनिक समाज भवन में होनेवाली बैठक में निजी कैब्स द्वारा लगाये जा रहे सर्ज चार्ज, टैक्सी रिफ्यूजल और 12 अगस्त को प्रस्तावित सम्मेलन की तैयारियों जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी.
उल्लेखनीय है कि परिवहन विभाग के दवाब के बाद निजी कैब्स ने सर्ज चार्ज में वृद्धि 45 फीसदी तक ही सीमित रखने पर सहमति जतायी है, लेकिन सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक सर्ज चार्ज स्थिर रखने पर सहमति नहीं जतायी है. एटक समर्थित कोलकाता टैक्सी ऑपरेटर्स यूनियन के महासचिव व वेस्ट बंगाल टैक्सी ऑपरटेर्स यूनियन के संयोजक नवल किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली व बेंगलुरु में निजी कैब्स द्वारा लगाये जाने वाले सर्ज चार्ज पूरी तरह से समाप्त कर दिये गये हैं.
उन्होंने परिवहन मंत्री से अपील की कि बंगाल में भी सर्ज चार्ज और प्राइम लोकेशन चार्ज पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाये तथा पीली टैक्सी और एसी टैक्सी की तरह ही इन कैब्स के लिए बेसिक किराया निर्धारित किया जाये, ताकि ये टैक्सियां भी मनमाने ढंग से किराया वृद्धि नहीं कर सकें. उन्होंने कहा कि इस बाबत शीघ्र ही परिवहन मंत्री को पत्र देंगे.
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा बेरोजगार युवकों को रोजगार मुहैया कराने की योजना के तहत गतिधारा योजना के तहत टैक्सियां की परमिट दी जाती है, लेकिन ये गाड़ियां ओला-उबर में चली जा रही है. गतिधारा टैक्सियों के आवंटन में यह बाध्यता कर दिया जाना चाहिए कि ये टैक्सियां केवल एसी टैक्सी परमिट के तहत ही चलायी जायेगी. उन्होंने कहा कि बैठक में टैक्सी रिफ्यूजल को लेकर टैक्सी चालकों व मालिकों में जागरूकता पैदा करने के लिए कार्यक्रम हाथ में लिये जायेंगे.
