कोलकाता : पढ़ाई के साथ-साथ कीमती ड्रग्स के सेवन व इसे बेचने के धंधे में जुड़े होने के आरोप में महानगर के मैनेजमेंट कॉलेज के तीन छात्रों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम सौमिक मुखर्जी (22), मृगांक बनर्जी (29) और कौस्तव कर (24) हैं. तीनों के पास से भारी मात्रा में एमडी, एलएसडी व कई नशीले टैबलेट जब्त किये गये हैं. इनमें सौमिक बीबीए का छात्र है, जबकि मृगांक कंप्यूटर साइंस का छात्र है.
उसके पिता रिटायर्ड कस्टम अधिकारी हैं. तीसरा छात्र कौस्तव कर एमसीए की पढ़ाई कर रहा है. सभी को बुधवार रात दक्षिण कोलकाता के एक गुप्त स्थान से गिरफ्तार किया गया. गुरुवार को बैंकशाल कोर्ट में पेश करने पर तीनों को 11 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.
कोलकाता पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें खबर मिली थी कि दक्षिण कोलकाता में कुछ नामी कॉलेजों के छात्र कीमती केमिकल ड्रग्स बेच व सेवन कर रहे हैं. दूसरे छात्रों को भी वे ड्रग्स सप्लाई कर उन्हें भी नशे का आदी बना रहे हैं. इसके बाद कोलकाता पुलिस की टीम ने गुप्त जानकारी के आधार पर दक्षिण कोलकाता के एक गुप्त स्थान से तीनों को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार कर लिया.
ऑनलाइन मंगवाते थे ड्रग्स
प्राथमिक पूछताछ में तीनों ने बताया कि डार्क वेब नामक वेबसाइट के जरिये वे ऑनलाइन ड्रग्स मंगवाते थे. पढ़ाई के साथ-साथ वे अन्य छात्रों को इसकी सप्लाई करते थे. पूरी जानकारी के बाद तीनों को नारकोटिक्स सेल की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. तीनों से पूछताछ की जा रही है.
