बारासात. देगंगा ब्लॉक के गिलबेड़िया ग्राम में एक निजी स्कूल में फूड पॉइजनिंग (खाद्य विषाक्तता) के कारण 10 बच्चे बीमार हो गये हैं. सभी बच्चों को विश्वनाथपुर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्कूल के एक कर्मचारी दीन मोहम्मद ने बताया कि सोमवार को बच्चों को सुबह के नाश्ते में मुड़ी, चना और घुघनी दी गयी थी. शाम को खबर मिली कि तीन छात्र बीमार पड़ गये हैं, जिन्हें तुरंत विश्वनाथपुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया. देर रात तक सात और बच्चे बीमार हो गये, जिन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया. मंगलवार को विद्यालय की ओर से जानकारी दी गयी कि बीमार बच्चों में दस्त, उल्टी, सिर चकराना और बुखार जैसे लक्षण देखे गये हैं. फिलहाल, अधिकांश बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी है, जबकि दो बच्चे अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं. स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बीमार होने का संभावित कारण फूड पॉइजनिंग है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
