संवाददाता, कोलकाता
महिला से छेड़खानी के आरोप में चितपुर थाने की पुलिस ने सीआरपीएफ के एक जवान को गिरफ्तार किया है. घटना चितपुर थाना क्षेत्र के बीटी रोड में पाइक पाड़ा इलाके की है. पकड़े गये आरोपी सीआरपीएफ जवान का नाम निरंजन प्रधान है.
सोमवार को उसे सियालदह कोर्ट में पेश करने पर आरोपी को सात जून तक न्यायिक हिरासत में भेजने का निर्देश दिया गया है. इधर, घटना को लेकर सीआरपीएफ की तरफ से कहा गया है कि इस मामले की जांच की जा रही है. दोषी पाये जाने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी.
पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला कि रविवार देर रात 2.30 बजे के करीब चुनाव की ड्यूटी खत्म होने के बाद बारूईपुर से आरोपी सीआरपीएफ का जवान वापस घर लौटने के लिए कोलकाता स्टेशन पहुंचा था. आरोप है कि वह नशे की हालत में था. इस दौरान आरोप है कि बस से उतरने के बाद वह नशे की हालत में एक महिला के घर में घुस गया. पीड़ित महिला ने अपने बयान में बताया कि उस समय वह कमरे में सो रही थी.
आरोपी जवान ने उसके कमरे में घुसकर उससे छेड़खानी की कोशिश की. जवान की हरकत देख महिला ने शोर मचाया. महिला की चीख सुनकर स्थानीय लोग वहां आ धमके, इसके बाद आरोपी जवान को पकड़ लिया गया. इसके बाद चितपुर थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी. जिसके बाद पुलिस की टीम वहां पहुंची और आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया.
पहले भी लग चुका है ऐसा आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें केंद्रीय बल के जवान को पीड़ित महिला से माफी मांगते हुए सुना जा रहा है. हालांकि महिला ने उसे माफ करने से मना कर दिया.
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान पर छेड़खानी करने का यह मामला पहला नहीं है. इससे पहले डेबरा और हावड़ा में भी केंद्रीय सुरक्षा बलों पर स्थानीय महिलाओं के साथ छेड़खानी के आरोप लग चुके हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
