रानीगंज.
आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 36 अंतर्गत ईस्ट कॉलेज पाड़ा के शिव कॉलोनी क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए लोगों ने काम बंद करा दिया.घटिया सामग्री और मिलीभगत का आरोप
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग निजी स्वार्थ में ठेकेदार के साथ साठगांठ कर रहे हैं और विकास कार्य में अनियमितता बरती जा रही है. लोगों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उच्च गुणवत्ता की सामग्री से निर्माण सुनिश्चित नहीं किया जायेगा, तब तक कार्य शुरू नहीं होने दिया जायेगा.
28 फीट के बजाय 12 फीट सड़क बनाने का आरोप
विकास नामक एक स्थानीय निवासी ने बताया कि योजना के अनुसार सड़क की चौड़ाई 28 फीट होनी चाहिए थी, लेकिन इसे लगभग 12 फीट तक सीमित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिस मुख्य सड़क से इसे जोड़ा जा रहा है वह 28 फीट चौड़ी है, ऐसे में अचानक संकरी सड़क भविष्य में दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है. निवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर मानक के अनुरूप सड़क निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है.
