पुरुलिया : जल संकट पर एनएच-60ए को किया जाम, दो घंटे बाधित रही आवाजाही
शहर के धभघाटा नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड 21 और 19 के हिस्से के लोगों ने पेयजल संकट को लेकर पुरुलिया-बांकुड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-60ए को जाम कर दिया.
शहर के धभघाटा नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड 21 और 19 के हिस्से के लोगों ने पेयजल संकट को लेकर पुरुलिया-बांकुड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-60ए को जाम कर दिया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं. चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए.
तीन माह से संकट, लोगों में रोष
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बलराम नंदी, छंदा दास, माला चौधरी और पिंकी मुखर्जी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पिछले तीन माह से पानी की किल्लत बनी हुई है. पहले नियमित रूप से घर-घर पानी मिलता था, लेकिन अब तय समय पर भी आपूर्ति बंद है. पोस्ट नलों से भी पानी नहीं मिल रहा है. नगर पालिका को कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया गया. उन्होंने बताया कि सौ से अधिक परिवार प्रभावित हैं. कई लोगों ने हजारों रुपये खर्च कर घरेलू कनेक्शन लिया, फिर भी टैंकर पर निर्भर रहना पड़ रहा है. लोगों ने चेतावनी दी कि स्थायी समाधान नहीं होने पर आंदोलन जारी रहेगा.
आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम
सूचना मिलते ही पुरुलिया सदर थाना पुलिस और नगर पालिका अधिकारी मौके पर पहुंचे. करीब दो घंटे तक चली बातचीत के बाद अधिकारियों ने समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिया. इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हुआ. नगर पालिका के प्रशासक उत्पल कुमार घोष ने कहा कि स्थिति का जायजा लेकर जल्द समाधान किया जाएगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.