दुर्गापुर स्टेशन इलाके में जलापूर्ति ठप होने से संकट, पानी खरीदने की मजबूरी

दुर्गापुर स्टेशन से सटे बस्ती इलाकों में बीते कई दिनों से पेयजल की किल्लत से लोग परेशान हैं.

दुर्गापुर.

दुर्गापुर स्टेशन से सटे बस्ती इलाकों में बीते कई दिनों से पेयजल की किल्लत से लोग परेशान हैं. सोमवार सुबह से पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद होने के बाद लोगों को पानी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है. कई स्थानों पर लोग नित्य उपयोग के लिए टैंकर के पानी का सहारा ले रहे हैं. दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड 43 में दुर्गापुर स्टेशन बाजार बस्ती, साधुडंगा और सिमुलतला बस्ती जैसे इलाके आते हैं. इन इलाकों में हजारों लोग बस्ती और निजी मकानों में रहते हैं. यहां लंबे समय से दुर्गापुर प्रोजेक्ट लिमिटेड पेयजल की आपूर्ति करता रहा है.

लोगों में बढ़ रहा आक्रोश

जलापूर्ति अचानक बंद होने से स्थानीय लोगों में नगर प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है. लोगों का कहना है कि गर्मी शुरू होने से पहले ही इलाके में पीने के पानी की समस्या पैदा हो गई है. उनका कहना है कि जलापूर्ति का दायित्व नगर निगम का है और समस्या दूर करने के लिए निगम प्रशासन को पहल करनी चाहिए. हालांकि इन इलाकों में जलापूर्ति दुर्गापुर प्रोजेक्ट लिमिटेड के अधीन है, लेकिन यहां रहने वाले लोग नगर निगम क्षेत्र में ही आते हैं. इस कारण लोग नगर प्रशासन से समाधान की उम्मीद कर रहे हैं.

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से रुकी आपूर्ति

दुर्गापुर प्रोजेक्ट लिमिटेड के जनसंपर्क विभाग की अधिकारी स्वागता मित्रा ने बताया कि दुर्गापुर स्टेशन इलाके में गेमन ब्रिज के नीचे एक पुरानी पुलिया पर पानी की पाइपलाइन बिछाई गई थी. रेलवे के विस्तार कार्य के दौरान पुरानी पुलिया को तोड़ने का काम शुरू हुआ, जिससे पाइपलाइन को हटाना पड़ा. इस दौरान मुख्य पाइपलाइन के साथ कई छोटी पाइप भी क्षतिग्रस्त हो गयीं. उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है और जल्द ही जलापूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है.

टैंकर से जलापूर्ति का प्रयास

दुर्गापुर नगर निगम के उप महापौर धर्मेंद्र यादव ने कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था में आई समस्या को ठीक करने का काम चल रहा है. उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों में नगर निगम की ओर से टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि लोगों को राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >