चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी लोगों के बीच लगातार देखी गई थी, लेकिन चुनाव परिणाम आने के बाद क्या तस्वीर बदल गई है? आसनसोल नगर निगम के रानीगंज स्थित 91 नंबर वार्ड के तृणमूल कांग्रेस पार्षद राजू सिंह को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. इलाके में उनके नाम के ‘लापता’ पोस्टर लगाए गए हैं, जिसे लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है. वार्ड 91 के विभिन्न हिस्सों में लगे पोस्टरों में दावा किया गया है कि लंबे समय से स्थानीय लोगों को अपने जनप्रतिनिधि का दर्शन नहीं हुआ है. इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है. मामले को लेकर भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। रानीगंज शहर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्मसेर सिंह ने आरोप लगाया कि केवल राजू सिंह ही नहीं, बल्कि रानीगंज के 11 वार्डों के अधिकतर तृणमूल पार्षद चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से जनता के बीच नहीं दिख रहे हैं. उनका कहना है कि चुनाव के समय लोगों के घर-घर पहुंचने वाले जनप्रतिनिधि अब आम लोगों की समस्याओं की सुध नहीं ले रहे हैं. हालांकि तृणमूल ने इन आरोपों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है. पार्टी का कहना है कि उनके जनप्रतिनिधि नियमित रूप से लोगों के संपर्क में हैं और विपक्ष बस राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे पोस्टर लगा कर भ्रम फैला रहा है. ‘लापता’ पोस्टर को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है. आनेवाले दिनों में यह मामला किस दिशा में जाता है, इस पर सियासी हलकों में चर्चा गर्म है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.