भाजपा के साथ है अंदरूनी समझौता, कोयला खदानों के सिंडिकेट में हैं शामिल, सबका सबूत है मौजूद

एक्शन. माकपा से निष्कासित होते ही पूर्व सांसद बंशगोपाल चौधरी ने पार्टी नेताओं पर लगाया गंभीर आरोप

अनैतिक कार्य में बाधक बनने पर रास्ते से हटाने के लिए सुनियोजित तरीके से किया कार्य, कांच के घर में रहकर दूसरों को क्यों मार रहे पत्थर

इससे पहले भी मुझे फंसाने के लिए एक महिला को भेजा गया था अलीमुद्दीन स्ट्रीट, पार्टी ने मामले को कर दिया था खारिज रानीगंज. भाजपा के साथ माकपा नेताओं के अंदरूनी समझौता होने का तृणमूल द्वारा बार-बार लगाये जा रहे आरोपों की सत्यता की पुष्टि आसनसोल के पूर्व सांसद व माकपा जिला सचिव मंडली के पूर्व सदस्य बंशगोपाल चौधरी ने पत्रकार सम्मेलन में की. पार्टी द्वारा उन्हें निष्कासित किये जाने की खबर मिलते ही रविवार सुबह रानीगंज स्थित अपने आवास पर पत्रकार सम्मेलन में उन्होंने पार्टी नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो विभिन्न कारखानों और कोयला खदानों के सिंडिकेट में शामिल हैं, सभी का पूरा सबूत मौजूद है. वे लोग कांच के घरों में बैठकर उनपर क्यों पत्थर फेंक रहे हैं? पार्टी के एक हिस्से ने हमेशा से ही उनके खिलाफ कार्य किया है और ये लोग भाजपा के साथ हाथ मिलाकर जिले में अनैतिक रूप से कार्य करना चाह रहे हैं. जिसमें सबसे बड़ा बाधक वह बने. जिसके कारण सुनियोजित तरीके से उन्हें फंसाया गया. इसके खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी.

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में चार बार के विधायक तथा राज्य सरकार में दो बार कैबिनेट और एक बार राज्य मंत्री के साथ दो बार के आसनसोल के सांसद, आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (अड्डा) के चेयरमैन रहे माकपा के वरिष्ठ नेता बंशगोपाल चौधरी को माकपा से निष्काषित कर दिया गया है. वर्तमान में वह पार्टी के जिला सचिवमंडली के सदस्य, श्रमिक संगठन सीटू के जिला सचिव और भारतीय कोलियरी मजदूर सभा के महासचिव के पद पर थे. शनिवार को ही पार्टी ने निष्कासित करने का निर्णय लिया. जिसकी जानकारी उन्हें मीडिया रिपोर्ट से मिली. जिसे उन्होंने अनैतिक करार देते हुए कहा कि इसकी जानकारी सबसे पहले पार्टी को उन्हें देनी चाहिए थी.

पार्टी से निष्कासन की क्या है अंदरूनी कहानी?

पूर्व सांसद श्री चौधरी पर आरोप है कि मुर्शिदाबाद जिले में पार्टी की एक महिला नेत्री व पूर्व पार्षद को उन्होंने आपत्तिजनक मैसेज पोस्ट किया. ये सारे मैसेज मध्यरात्रि में पोस्ट किये गये. इसकी शिकायत महिला ने पार्टी के जिला नेतृत्व के बाद राज्य नेतृत्व से की, कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने मैसेज को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ा और पार्टी आलाकमान ने मामले की जांच करने का आश्वासन दिया था. शनिवार रात को पार्टी ने श्री चौधरी के इस कार्य के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय सुनाया. जिसकी जानकारी एक मीडिया रिपोर्ट के जरिये पूरे राज्य में फैल गयी. श्री चौधरी ने कहा कि सुनियोजित तरीके से उन्हें फंसाया गया है. इससे पहले भी एक महिला को उनके खिलाफ इस्तेमाल करके अलीमुद्दीन स्ट्रीट भेजा गया था, उस दौरान उच्च नेतृत्व ने आरोपों को खारिज किया था और कहा था कि यह किसी तरह विश्वसनीय नहीं है. फेसबुक पर छह माह से जो लोग चरित्र हनन कर रहे हैं, पार्टी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है?

भाजपा के पास से किस नेता को मिल रही है कटमनी, यह खोज निकाले पार्टी

बंशगोपाल चौधरी ने कहा कि भाजपा की ओर से पार्टी के नेताओं को कटमनी मिलती है. भाजपा के किस नेता की ओर से कटमनी आ रही है, जो सिंडिकेट चलाते हैं, उनके साथ पार्टी के किन-किन नेताओं का संबंध है, यह खोज निकाले पार्टी. भविष्य में इस प्रकार के कई सवालों के जवाब सामने आयेंगे. कोलकाता का एक लड़का जिले में आकर बेपरवाह रूप से अवैध कारोबार कर रहा है, महिलाओं को लेकर होटल में जा रहा है. मंत्री रहने के दौरान से उसे वह जानते हैं. पार्टी के नेता सबकुछ जानते हैं, उसपर क्यों कुछ नहीं हो रहा है? इसपर नैतिकता कहां चली गयी. राज्य में सत्ता परिवर्तन होने के बाद तृणमूल ने गाली गलौज किया, आक्रमण किया लेकिन इस तरह की गिरी हुई हरकत कभी नहीं की. गलती हुई थी तो बोल सकते थे. सुनियोजित तरीके से एक साल-छह माह से यह प्लान तैयार करके काम किया गया. जिस शक्ति के खिलाफ लड़ाई शुरू की है, वह जारी रहेगी. जो मुखौटा पहनकर अभिनय कर रहे हैं, वे जवाब दें कि किस नैतिकता के तहत वे यह कार्य कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वे तृणमूल में शामिल नहीं हो रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ganesh mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >