एसआइआर : राजनीतिक पार्टियों की बढ़ी परेशानी

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया के दौरान जिले में कुल 3,20,585 मतदाताओं के नाम कट चुके हैं और 1,37,539 वोटरों के नाम एडजुडिकेशन की सूची में हैं.

आसनसोल.

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया के दौरान जिले में कुल 3,20,585 मतदाताओं के नाम कट चुके हैं और 1,37,539 वोटरों के नाम एडजुडिकेशन की सूची में हैं. संभावना जतायी जा रही है कि एडजुडिकेशन की प्रक्रिया में इनमें से करीब 40 फीसदी मतदाताओं के नाम कट जायेंगे. इतने वोटरों के नाम कटने का फायदा किस राजनीतिक पार्टी को मिलेगा? इसे लेकर मंथन का दौर चालू है. वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में जिले की नौ सीटों में से तीन पर उम्मीदवारों की जीत का अंतर चार हजार वोटों से नीचे, एक सीट पर एक हजार से नीचे, एक पर पांच हजार से नीचे, एक पर दस हजार से नीचे, एक पर 15 हजार से नीचे और दो पर 20 हजार वोटों से अधिक का अंतर था. सभी उम्मीदवारों को मिलाकर जितने वोटों के जीत का अंतर था, उससे तीन गुना ज्यादा नाम कट चुके हैं.

पिछले चुनाव में विजयी उम्मीदवारों के जीत के क्या था अंतर

गत विधानसभा चुनाव में पांडवेश्वर विधानसभा सीट पर तृणमूल उम्मीदवार नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने 3,803 वोटों के अंतर से, दुर्गापुर पूर्व में तृणमूल उम्मीदवार प्रदीप मजूमदार ने 3,746 वोटों के अंतर से, रानीगंज में तृणमूल उम्मीदवार तापस बनर्जी ने 3,556 वोटों के अंतर से, जामुड़िया में तृणमूल उम्मीदवार हरेराम सिंह ने 8,051 वोटों के अंतर से, आसनसोल उत्तर में तृणमूल उम्मीदवार मलय घटक ने 21,110 वोटों के अंतर से, बाराबनी में तृणमूल उम्मीदवार विधान उपाध्याय ने 23,457 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी.

वहीं दुर्गापुर पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार लखन घोरुई ने 14,664 वोटों के अंतर से, आसनसोल दक्षिण से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल ने 4,487 वोटों के अंतर से और कुल्टी में भाजपा उम्मीदवार डॉ अजय पोद्दार ने 679 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी.

किस विधानसभा क्षेत्र में कितने नाम अबतक कटे

पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 26,793, दुर्गापुर पूर्व के 29,820, दुर्गापुर पश्चिम में 37,411, रानीगंज में 36,047, आसनसोल दक्षिण में 41,174, आसनसोल नॉर्थ में 42,646, कुल्टी में 40,222 और बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में 32,104 मतदाताओं के नाम कटे हैं. 16 दिसंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट रोल में 3,06,506 वोटरों के नाम और 28 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 14,079 मतदाताओं के नाम कटे हैं. एडजुडिकेशन सूची में पांडवेश्वर से 10,105 मतदाताओं के नाम, दुर्गापुर पूर्व से 8485 के, दुर्गापुर पश्चिम से 11,582 के, रानीगंज से 17,847 के, जामुड़िया से 13,440 के, आसनसोल दक्षिण से 16,278 के, आसनसोल उत्तर से 28,767 के, कुल्टी से 22,509 के और बाराबनी से 8526 यानी कुल 1,37,539 मतदाताओं के नाम शामिल हैं. इनमें से 40 से 45 फीसदी मतदाताओं के नाम कटने की संभावना जतायी जा रही है.

“पिछले चुनाव में भाजपा और तृणमूल के बीच जो वोटों का अंतर था, उससे अधिक फर्जी मतदाताओं का नाम एसआइआर की प्रक्रिया के तहत कट चुका है. इससे जाहिर होता है कि फर्जी वोटरों के सहारे तृणमूल चुनाव में जीतती आयी है. इस बार के चुनाव में तृणमूल का सच से सामना होगा.”

शुभेंदु अधिकारी,

भाजपा नेता

“एसआइआर की प्रक्रिया में मृत, दो जगहों के वोटरों और बाकी अनट्रेसेबल मतदाताओं के नाम कटे हैं. जिनके नाम कटे हैं, वे तो वैसे भी मतदान नहीं कर पाते. इन नामों के कट जाने से चुनाव में कोई फर्क नहीं पड़ेगा. लॉजिकल डिस्क्रिपेंसि के नाम पर जिन्हें नोटिस गयी है, उनमें ज्यादातर वैध वोटर हैं. भाजपा लोगों के वोट के अधिकार को छीनना चाहती है.”

मलय घटक,

श्रम मंत्री, पश्चिम बंगाल सरकार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >