बंग-संस्कृति व नारी सुरक्षा के लिए कैसा भी बलिदान देने को भाजपा तैयार : नितिन नवीन
बंगाल में एसआइआर प्रक्रिया को लेकर चल रहे सियासी घमासान के बीच यहां के मुख्य विपक्षी दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य के पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर में कर्मीसभा करके पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा और राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को कई मुद्दों को लेकर जम कर कोसा.
बंगाल में एसआइआर प्रक्रिया को लेकर चल रहे सियासी घमासान के बीच यहां के मुख्य विपक्षी दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य के पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर में कर्मीसभा करके पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा और राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को कई मुद्दों को लेकर जम कर कोसा. जोर देते हुए कहा कि बंग-संस्कृति एवं परंपरा की रक्षा करना हर भारतीय नागरिक का कर्तव्य है और इस दिशा में बंगाल भाजपा लगातार संघर्ष कर रही है. भाजपा, बंगाल को किसी भी कीमत पर बांग्लादेश नहीं बनने देगी और इसके लिए हर कुर्बानी देने को तैयार है. उन्होंने बंगाल में बढ़ती अराजकता, भ्रष्टाचार, महिलाओं पर जुल्म व बिगड़ती विधि-व्यवस्था के लिए तृणमूल सरकार को जिम्मेदार बताया. वे दुर्गापुर के चित्रालय मैदान में आयोजित कर्मीसभा के मंच से बोल रहे थे. उन्होंने पश्चिम बंगाल की सत्ता से आनेवाले विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को बेदखल करने का आह्वान किया.
भिरंगी काली मंदिर में पूजा, सांगठनिक बैठक
बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर पहली बार दुर्गापुर पहुंचे नितिन नवीन ने मंगलवार को पांच दिवसीय कमल मेला के उद्घाटन के बाद सिटी सेंटर के एक निजी होटल में राज्य व जिला नेताओं के साथ बैठक की. बैठक में बूथ स्तर से जिला संगठन को मजबूत करने और 2026 चुनाव के लिए आक्रामक रणनीति तय करने पर जोर दिया गया. बुधवार सुबह उन्होंने भिरंगी मां काली मंदिर में पूजा कर पार्टी की संगठनात्मक मजबूती व चुनावी सफलता की कामना की. मौके पर भाजपा राज्य नेता राहुल सिन्हा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
अराजकता व भ्रष्टाचार पर हमला
कर्मीसभा में नितिन नवीन ने कहा कि महिलाएं बंगाल की संस्कृति और परंपरा की संवाहक रही हैं, लेकिन आज राज्य में नारी सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बन चुका है. भाजपा माताओं और बहनों की सुरक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है. उन्होंने दावा किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार बहुत जल्द बंगाल में बदलाव लाएगी और भाजपा सरकार बनने पर कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने कहा कि तृणमूल की भ्रष्ट और अराजक सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है.
उद्योग-धंधों के पतन व बेरोजगारी का मुद्दा
नितिन नवीन ने कहा कि दुर्गापुर कभी देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र था, जहां झारखंड और बिहार से लोग रोजगार के लिए आते थे, लेकिन आज औद्योगिक गिरावट के कारण युवा दूसरे राज्यों में पलायन को मजबूर हैं. सिंगूर का उदाहरण देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार ने न तो नए उद्योग लगाए और न ही पुराने उद्योगों को बचाया. 15 वर्षों के शासन में राज्य सरकार ने न तो महिलाओं को सुरक्षा दी और न ही युवाओं को रोजगार.
सभा में ये नेता रहे मौजूद
सभा में नितिन नवीन के अलावा बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, राज्य प्रभारी सुनील बंसल, भाजपा के प्रांतीय अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री डॉ सुकांत मजूमदार, सांसद निशीथ प्रामाणिक, सांसद सौमित्र खां, विरोधी दल नेता शुभेंदु अधिकारी, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष दिलीप घोष, सांसद ज्योतिर्मय महतो, विधायक लखन घूरई सहित राढ़-बगल के चार जिलों के विधायक और कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.