स्टील टाउनशिप में महिला की संदेहास्पद मौत, शक के घेरे में पति, ले जाया गया थाने

सनसनी. सेक्टर-डी में मृत पायी गयी डीएसपी मेन हॉस्पिटल की आया

पारिवारिक कलह के कारण पति पर लगा हत्या का आरोप, थाने में पुलिस कर रही पूछताछ

घर से दुर्गंध आने पर हुआ घटना का खुलासा दुर्गापुर. स्टील टाउनशिप के सेक्टर-डी में एक महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. घर से तीव्र दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दुर्गापुर थाने की पुलिस को सूचना दी. फिर पुलिस वहां पहुंची और घर के अंदर वृद्ध महिला की मौत की पुष्टि के बाद उसके शव को कब्जे में लिया और फिर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया. इस बीच, पड़ोसी मृत महिला के पति को घेर कर तीखे सवाल करते रहे. पड़ोसियों के संदेह जताने पर पुलिस शक के आधार पर मृत महिला के पति को हिरासत में लेकर थाने चली गयी. वहां उससे पूछताछ की जा रही है. घटना पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर महकमा के अधीन दुर्गापुर थाना क्षेत्र की है.

घर से बदबू आने पर हुआ खुलासा

मंगलवार सुबह डी सेक्टर स्थित आवास से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ. सूचना पर दुर्गापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर के भीतर से महिला का शव बरामद किया. मृतका की पहचान छवि दास (62) के रूप में हुई है, जो दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) मेन हॉस्पिटल में आया के तौर पर कार्य करती थीं. वह उसी आवास में अपने पति प्रदीप चक्रवर्ती के साथ रह रही थीं.

हिरासत में पति, जांच तेज

घटना के बाद चंडीदास इलाके में स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने मृत महिला के पति प्रदीप चक्रवर्ती को हिरासत में ले लिया है. सूचना मिलते ही एसीपी-दुर्गापुर सुबीर राय, थाना प्रभारी संजीव दे समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. मौत की पुष्टि के बाद शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के वास्ते विधाननगर महकमा अस्पताल भेज दिया है.

पारिवारिक विवाद की आशंका, जनाक्रोश

चंडीदास इलाके में चक्रवर्ती परिवार के पड़ोसियों व महिला के सहकर्मियों के अनुसार दंपती के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में भीड़ जुट गयी और हत्या के मामले में आरोपी को त्वरित कानूनी प्रक्रिया के जरिये दोषी ठहरा कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की गयी. उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में संदिग्ध मौत के मामलों को देखते हुए पुलिस हरसंभव पहलू से तफ्तीश में लग गयी है. फिलहाल घटनास्थल पर सुरक्षा घेराबंदी कर दी गयी है और दुर्गापुर थाने की पुलिस हिरासत में लेकर प्रदीप चक्रवर्ती से गहन पूछताछ कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >