करंट अकाउंट खुलते ही 2.20 लाख रुपये की हुई निकासी, बैंक कर्मी पर ओटीपी लेकर ठगी का आरोप

बंधन बैंक की रानीगंज शाखा में करंट अकाउंट खुलवाने आए एक व्यवसायी के खाते से 2 लाख 20 हजार रुपये निकल जाने का मामला सामने आया है.

रानीगंज.

बंधन बैंक की रानीगंज शाखा में करंट अकाउंट खुलवाने आए एक व्यवसायी के खाते से 2 लाख 20 हजार रुपये निकल जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित ने बैंक कर्मियों पर ओटीपी लेकर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है. घटना के बाद बैंक प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं.

ओटीपी साझा करने के बाद निकले रुपये

पीड़ित शिव शंकर सिंह ने बताया कि वे अपनी कंपनी महाबीर रोड लाइंस के नाम पर करंट अकाउंट खुलवाने बैंक पहुंचे थे. प्रक्रिया के दौरान 2 फरवरी को बैंक कर्मी रघुवीर यादव ने उनसे उद्यम आधार के नाम पर ओटीपी लिया. इसके बाद उसी के कहने पर सोमव्रत सिंह नामक व्यक्ति को भी ओटीपी बताया गया. पीड़ित का कहना है कि उन्होंने बैंक से जुड़े लोग समझकर जानकारी साझा की.

अगले दिन खाते से 2.20 लाख की कटौती

पीड़ित के अनुसार, 3 फरवरी की सुबह उनके खाते से दो बार में कुल 2 लाख 20 हजार रुपये कट गये. उन्होंने सवाल उठाया कि आइएमपीएस के तहत एक बार में 50 हजार रुपये की सीमा होने के बावजूद इतनी बड़ी राशि कैसे ट्रांसफर हुई. पीड़ित ने इस मामले में बैंक कर्मियों की मिलीभगत की आशंका जतायी है.

बैंक प्रबंधन पर सवाल, पुलिस जांच शुरू

घटना के बाद पीड़ित बैंक मैनेजर से मिलने के लिए संपर्क करते रहे, लेकिन अनुपस्थिति के कारण गुरुवार को लिखित शिकायत दर्ज करायी जा सकी. रुपये की वसूली और कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित ने आसनसोल साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बैंक प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

सावधानी की अपील

बैंकिंग नियमों के अनुसार बैंक कभी भी फोन या व्यक्तिगत रूप से ओटीपी और पासवर्ड नहीं मांगता. ग्राहकों को किसी भी परिस्थिति में अपनी बैंकिंग जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी जाती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >