पकड़ा गया 37 टन अवैध कोयला, माफियाओं में खलबली

कोयला माफियाओं पर नकेल कसते हुए बुधवार को जामुड़िया थाने के केंदा फांड़ी क्षेत्र के न्यू केंदा ओसीपी कुआरी-3 में बड़ी कार्रवाई की गयी.

जामुड़िया.

कोयला माफियाओं पर नकेल कसते हुए बुधवार को जामुड़िया थाने के केंदा फांड़ी क्षेत्र के न्यू केंदा ओसीपी कुआरी-3 में बड़ी कार्रवाई की गयी. केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल(सीआइएसएफ) और ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड(इसीएल) की केंदा एरिया सुरक्षा टीम ने संयुक्त छापेमारी अभियान चला कर भारी मात्रा में चोरी का कोयला बरामद किया.

इसीएल के केंदा एरिया के सुरक्षा प्रभारी अशोक दास ने बताया कि पिछले काफी समय से न्यू केंदा ओसीपी से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी होने की सूचनाएं मिल रही थीं. इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया. बुधवार को जब संयुक्त टीम ने ओसीपी क्षेत्र में अचानक दबिश दी, तो कोयला चोरों के बीच हड़कंप मच गया और वे मौके से भाग खड़े हुए. छापेमारी के दौरान टीम ने कुल 37 टन अवैध कोयला जब्त किया.

सुरक्षा प्रभारी ने जानकारी दी कि जब्त किए गए कोयले की कागजी कार्यवाही पूरी कर ली गयी है. संपूर्ण खेप को इसीएल के बहुला साइडिंग में सुरक्षित जमा करा दिया गया है. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय कोयला चोरों व अवैध कोयला कारोबारियों में डर का माहौल है. सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि इसीएल की संपत्तियों और राष्ट्रीय संसाधन की रक्षा के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR

AMIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >