Table of Contents
Road Accident in Bengal|बर्धमान/पानागढ़, मुकेश तिवारी : पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में नये साल के पहले दिन सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत हो गयी. दुर्घटना शक्तिगढ़ थाना इलाके चेक पोस्ट के पास हुई. बृहस्पतिवार को एक कार और गैस टैंकर के बीच हुई टक्कर में कार सवार एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गयी.
दुर्गापुर के रहने वाले थे तीनों मृतक
दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को गंभीर हालत में बर्धमान मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है. पुलिस ने मृतकों की पहचान शेख शाहनवाज (27), शेख मोहम्मद मुर्शिद (55) और रेजिना खातून (51) के रूप में की है. मृतक सभी एक ही परिवार के सदस्य थे. ये लोग पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर के रहने वाले थे.
छुट्टी के बाद मुंबई लौट रहा था शेख शाहनवाज
शेख शाहनवाज काम के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं. छुट्टी पर अपने घर दुर्गापुर आये थे. बृहस्पतिवार को वापस मुंबई लौट रहे थे. उसके माता-पिता उसे छोड़ने के लिए कोलकाता एयरपोर्ट जा रहे थे. उसी वक्त उनकी कार की टैंकर से भिड़ंत हो गयी. गैस टैंकर कार को खींचते हुआ 19 नंबर हाईवे पर बामन तला तक ले गया.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Road Accident in Bengal: स्थानीय लोगों ने पीछा कर गैस टैंकर को रुकवाया
स्थानीय लोगों ने गैस टैंकर का पीछा किया और ड्राइवर को वाहन को रोकने के लिए विवश किया गया. मौके से गैस टैंकर का चालक और खलासी भाग गये. कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. नववर्ष के पहले दिन हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही दुर्गापुर में मृतक के परिवार में मातम पसर गया.
कार चालक की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे बर्धमान मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. पुलिस और स्थानीय लोगों ने कहा है कि दुर्गापुर से कोलकाता की ओर जा रही कार सड़क किनारे खड़े गैस टैंकर से टकरा गयी. तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े. ड्राइवर की हालत गंभीर है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें
Purulia Road Accident : बंगाल के पुरुलिया में भीषण सड़क दुर्घटना, झारखंड आ रहे 9 लोगों की मौत
