पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान खड़ी वैन को पीछे से मारी टक्कर एएसआइ समेत तीन अन्य घायल
बर्दवान/पानागढ़. पूर्व बर्दवान जिले के बर्दवान सदर थाना क्षेत्र के नवाबहाट स्थित गढ़ तालित के पास राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड पर तेज गति से आ रही एक यात्री बस ने पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को टक्कर मार दी. हादसे में एक पुलिस कर्मी की मौत हो गयी, जबकि एक एएसआइ समेत तीन अन्य पुलिस कर्मी घायल हो गये.
पेट्रोलिंग के दौरान हुआ हादसा
पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे बर्दवान थाने की एक पैट्रोलिंग वैन नवाबहाट के पास सड़क किनारे खड़ी थी. इसी दौरान कोलकाता जा रही एक लंबी दूरी की यात्री बस तेज रफ्तार में पीछे से आयी और सीधे पुलिस वाहन से टकरा गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन में सवार एएसआइ समेत चार पुलिस कर्मी घायल हो गये.
एक पुलिसकर्मी की मौत, अन्य घायल
घायलों को तुरंत बरामद कर बर्दवान मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक पुलिस कर्मी को मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान त्रिदिव दे के रूप में हुई है, जो होम गार्ड के पद पर कार्यरत था. अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से एक की हालत नाजुक बतायी जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए बर्दवान मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया गया है.
बस जब्त, चालक हुआ फरार
हादसे के बाद पुलिस ने घातक यात्री बस को जब्त कर लिया है, जबकि बस चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है. इस घटना से पुलिस कर्मियों में शोक की लहर फैल गयी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.