दादपुर में 126 वोटर्स के नाम सूची से गायब, जताया विक्षोभ
पूर्व बर्दवान जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के दादपुर गांव में अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद 126 लोगों के नाम गायब होने से आक्रोश फैल गया.
By AMIT KUMAR | Updated at :
बर्दवान/पानागढ़.
पूर्व बर्दवान जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के दादपुर गांव में अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद 126 लोगों के नाम गायब होने से आक्रोश फैल गया. शनिवार को ग्रामीणों ने इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जतायी. सभी प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद नाम गायब होने का आरोप लगाया जा रहा है. ग्रामीणों की शिकायत है कि उन्होंने एसआइआर प्रक्रिया के तहत सभी जरूरी दस्तावेज जमा किये और सुनवाई में भी शामिल हुए थे. इसके बावजूद गांव के बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हट गये, जिससे लोगों में काफी असंतोष व नाराजगी है. घटना से नाराज ग्रामीणों ने वोट बहिष्कार का आह्वान किया है. उनका कहना है कि जब तक उनके नाम दोबारा सूची में शामिल नहीं किये जाते, तब तक वे मतदान में भाग नहीं लेंगे. प्रशासन की ओर से मामले में अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है.