खास बातें
Mamata Banerjee Kanksa Rally| पानागढ़/कांकसा, मुकेश तिवारी : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के लिए पश्चिम बर्धमान जिले के कांकसा पहुंचीं तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर सोमवार को जोरदार हमला बोला. रघुनाथपुर जंगलमहल फुटबॉल मैदान में आयोजित विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने भाजपा को ‘दंगाबाज’ और ‘संविधान की हत्यारी’ पार्टी करार दिया. उन्होंने आत्मविश्वास के साथ ऐलान किया कि बंगाल में फिर तृणमूल की सरकार बन रही है. 4 मई को चुनावी नतीजे आते ही भाजपा नेताओं को बंगाल छोड़कर वापस दिल्ली जाना पड़ेगा.
3 प्रत्याशियों के समर्थन में ममता की हुंकार
सोमवार को आयोजित इस जनसभा में ममता बनर्जी ने 3 विधानसभा सीटों के टीएमसी उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगे.
गलसी विधानसभा : आलोक कुमार मांझी
आउसग्राम विधानसभा : श्यामा प्रसन्न लोहार
दुर्गापुर पूर्व विधानसभा : प्रदीप मजूमदार
दुर्गापुर में आईएएस की मुफ्त कोचिंग
बंगाल की चीफ मिनिस्टर ने राज्य के युवाओं के लिए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए शिक्षा पर विशेष जोर दिया. उन्होंने यहां कई बड़ी घोषणाएं हैं.
- IAS-IPS ट्रेनिंग : ममता बनर्जी ने बताया कि उनकी सरकार राज्य में बिना किसी शुल्क के युवाओं को आईएएस और आईपीएस की ट्रेनिंग दे रही है. अब तक 28 युवा इस मुफ्त ट्रेनिंग के जरिये अधिकारी बने हैं.
- दुर्गापुर के लिए सौगात : मुख्यमंत्री ने वादा किया कि आने वाले समय में दुर्गापुर में भी युवाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग की सुविधा शुरू की जायेगी.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बकाया पैसे और वादों पर भाजपा को घेरा
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर बंगाल के हक का पैसा मारने का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा ने MGNREGA, आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का पैसा रोक दिया है. भाजपा बंगाल के लोगों का पैसा दबाकर बैठी है, लेकिन मैंने लोगों से जो वादा किया था, उसे राज्य के कोष से पूरा किया.
इसे भी पढ़ें : बंगाल चुनाव 2026: नंदीग्राम से भवानीपुर तक… इन ‘हॉट’ सीट्स पर हार-जीत तय करेगी कौन बनेगा मुख्यमंत्री
जीवनभर मिलेगा लक्ष्मी भंडार, घर-घर पहुंचेगा स्वास्थ्य
अपनी सरकार की प्रमुख योजनाओं का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी ने महिलाओं और आम जनता के लिए कई बड़े वादे किये.
- लक्ष्मी भंडार : ममता बनर्जी ने भरोसा दिलाया कि राज्य की महिलाओं को ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना का लाभ उनके पूरे जीवनकाल (लाइफटाइम) तक मिलता रहेगा.
- दुआरे स्वास्थ्य : ममता बनर्जी ने कहा कि इस बार उनकी ‘10 प्रतिज्ञा’ में से एक सबसे महत्वपूर्ण है ‘दुआरे स्वास्थ्य परिसेवा’. अब लोगों को इलाज के लिए भागना नहीं पड़ेगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे उनके घर तक पहुंचायी जायेंगी.
इसे भी पढ़ें : SIR देश का सबसे बड़ा घोटाला, 2026 में गिर जायेगी मोदी सरकार, ममता बनर्जी की भविष्यवाणी, EVM को लेकर किया आगाह
Mamata Kanksa Rally: भाईचारे पर प्रहार का लगाया आरोप
भाजपा पर सांप्रदायिक राजनीति का आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा बंगाल के हिंदू-मुस्लिमों के बीच सदियों पुराने भाईचारे और सद्भावना को नष्ट करना चाहती है. उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जागरूक जनता भाजपा के इन विभाजनकारी मंसूबों को कभी सफल नहीं होने देगी. उन्होंने भाजपा को ‘झूठी पार्टी’ बताते हुए कहा कि इसके नेता केवल झूठ की राजनीति करते हैं.
