रानीगंज गोलीकांड का मुख्य आरोपी चंदन कुमार गिरफ्तार

सात महीने से फरार आरोपी को गुप्त सूचना पर रामबागान इलाके से दबोचा

रानीगंज. रानीगंज थाने की पुलिस ने करीब सात महीने पहले हुए सनसनीखेज गोलीकांड के मुख्य आरोपी चंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. मनी ट्रांसफर और रुपयों के संदिग्ध लेन-देन से जुड़े इस मामले में आरोपी लंबे समय से फरार था. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रानीगंज के रामबागान इलाके स्थित एक घर से उसे धर दबोचा.

घटना की पूरी पृष्ठभूमि

पुलिस के अनुसार घटना 14 जून 2025 की दोपहर करीब दो बजे की है. कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर निवासी सौरव बाउरी को उसके परिचित चंदन कुमार ने रानीगंज के बरदही स्थित सरकारी कुएं के पास बैठक के लिए बुलाया था. दोनों के बीच मनी ट्रांसफर व्यवसाय को लेकर पुराना लेन-देन चल रहा था. आरोप है कि चंदन कुमार ने अपने सहयोगियों लिचू रुइदास, टोटन उर्फ समसुद्दीन, बेलू उर्फ अमित भगत और कीर्तिबास रुइदास के साथ मिलकर पहले सौरव बाउरी से 10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवाये. विवाद बढ़ने पर सौरव को बंधक बना लिया गया. इसी दौरान चंदन कुमार ने पिस्तौल से गोली चलायी, जो सौरव के दाहिने हाथ की हथेली में जा लगी.

दहशत और विरोध प्रदर्शन

वारदात के बाद आरोपी घायल सौरव बाउरी की वर्ना कार लेकर फरार हो गये. गंभीर हालत में सौरव को आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और बाउरी समाज ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन और जुलूस निकाले थे.

गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई

पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद से चंदन कुमार और उसके साथी देश के अलग-अलग हिस्सों में छिपे हुए थे. हाल ही में उसके इलाके में लौटने की सूचना मिलने पर रानीगंज थाना प्रभारी विकास दत्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. रानीगंज थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस 2023 की गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी को 10 दिनों की रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में आवेदन किया है. जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी, फरार साथियों लिचू, टोटन, बेलू और कीर्तिबास की तलाश, इलाके में चल रहे कथित अवैध रुपये के लेन-देन और मनी ट्रांसफर नेटवर्क की जांच पर जोर दिया जा रहा है. बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >