दुर्गापुर से अविनाश यादव की रिपोर्ट
दुर्गापुर के कोक ओवन थाने के सामने सोमवार को उस समय भावुक माहौल बन गया, जब 30 वर्षीय हनरनाथ महंत का शव लेकर पहुंचे परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. बेटे की मौत से टूट चुकी मां सड़क पर लेटकर दहाड़ मारकर रोती रही. यह दृश्य देखकर थाने के सामने से गुजर रहे राहगीर भी कुछ देर के लिए ठिठक गए.
मानसिक रूप से परेशान था हनरनाथ
परिजनों के अनुसार रविवार को कोक ओवन थाना क्षेत्र के बाकुड़ा मोड़ स्थित एक किराये के मकान से हनरनाथ का शव फंदे से लटका मिला था.घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों का आरोप है कि हनरनाथ और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. परिवार ने पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ कथित अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए दावा किया कि इसी विवाद के कारण हनरनाथ मानसिक रूप से परेशान था.
आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
परिजनों ने आशंका जताई कि हनरनाथ को आत्महत्या के लिए उकसाया गया जिस कारण उसने आत्महत्या की है. पोस्टमार्टम के बाद सोमवार रात परिजन हनरनाथ का शव लेकर कोक ओवन थाने पहुंचे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे.इस दौरान मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मामले की जांच में जुटी पुलिस
काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने परिजनों को प्राथमिकी (एफआईआर) की प्रति सौंपी. इसके बाद परिजन शव लेकर वहां से लौट गए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हनरनाथ की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
Also Read: बंगाल में होगी जाति प्रमाणपत्रों की जांच, अब तक 45,000 लोग संदिग्ध सूची में
