पूर्व विधायक हरेराम सिंह के कार्यालय से राहत सामग्री का भंडार बरामद

जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक हरेराम सिंह के पार्टी एवं विधायक कार्यालय से कथित तौर पर बड़ी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री बरामद होने के आरोप को लेकर शुक्रवार शाम इलाके में खलबली मच गयी.

जामुड़िया.

जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक हरेराम सिंह के पार्टी एवं विधायक कार्यालय से कथित तौर पर बड़ी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री बरामद होने के आरोप को लेकर शुक्रवार शाम इलाके में खलबली मच गयी. घटना की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यालय से बड़ी संख्या में कंबल, साड़ियां, तिरपाल, लुंगी, गमछा समेत अन्य सामग्री मिली है, हालांकि पुलिस ने अभी तक बरामद सामान की प्रकृति और मात्रा को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. घटना को लेकर भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है.आसनसोल जिला भाजपा (संगठनात्मक) के महासचिव राणा बनर्जी ने आरोप लगाया कि कार्यालय से बरामद सामग्री सरकारी राहत योजनाओं के तहत जरूरतमंद लोगों के लिए आवंटित की गयी थी.

उन्होंने कहा, “आम जनता के टैक्स के पैसे से खरीदे गए कंबल, साड़ियां, तिरपाल और अन्य राहत सामग्री वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचनी चाहिए थी, लेकिन आरोप है कि इन्हें पूर्व विधायक के कार्यालय में जमा कर रखा गया था. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.जांच आगे बढ़ने पर और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं.”

राणा बनर्जी ने यह भी दावा किया कि यदि निष्पक्ष जांच की जाए तो अन्य तृणमूल नेताओं और जनप्रतिनिधियों के ठिकानों से भी इसी प्रकार की सामग्री बरामद हो सकती है. वहीं, भाजपा के जामुड़िया मंडल-4 के उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल ने कहा कि पूर्व विधायक के कार्यालय से बड़ी मात्रा में राहत सामग्री मिलना तृणमूल नेताओं की कार्यप्रणाली को उजागर करता है. उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों और जरूरतमंदों के लिए लाई गई सामग्री को कार्यालय में जमा कर रखा गया था, जिससे वास्तविक लाभार्थी इससे वंचित रह गए.

दूसरी ओर, इस पूरे मामले में पूर्व विधायक हरेराम सिंह अथवा तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद जामुड़िया सहित पूरे राजनीतिक क्षेत्र में चर्चा और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. पुलिस जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >