बिना जानकारी के अमिता के नाम पर बैंक से निकल गया 1.40 करोड़ का लोन, 4.5 साल बाद पता चलने पर उड़े होश

दुर्गापुर सिटी सेंटर में स्थित एक प्रतिष्ठित डायग्नोस्टिक सेंटर के दो मालिकों और बेनाचिटी दुर्गापुर इलाके स्थित एक राष्ट्रीयकृत बैंक के शाखा प्रबंधक के खिलाफ दुर्गापुर थाने में चीटिंग का मामला दर्ज किया गया.

आसनसोल/दुर्गापुर.

दुर्गापुर सिटी सेंटर में स्थित एक प्रतिष्ठित डायग्नोस्टिक सेंटर के दो मालिकों और बेनाचिटी दुर्गापुर इलाके स्थित एक राष्ट्रीयकृत बैंक के शाखा प्रबंधक के खिलाफ दुर्गापुर थाने में चीटिंग का मामला दर्ज किया गया. दुड्डाकल्लासांड्रा, कनकपुरा रोड बेंगलुरू की निवासी अमिता प्रियम ने आरोप लगाया है कि उनकी जानकारी के बगैर बैंक से 1.40 करोड़ रुपये का लोन 21 जून 2021 को निकल गया. इसकी जानकारी उन्हें साढ़े चार साल बाद 17 फरवरी 2026 को तब हुई, जब उन्होंने होमलोन के लिए बैंक में आवेदन किया और बैंक से उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर 1.40 करोड़ का बिजनेस लोन है. यह सुनते ही वह आसमान से गिरीं और पूरी जानकारी हासिल करने के बाद उक्त तीनों को आरोपी बना कर दुर्गापुर थाने में शिकायत की. इसके आधार पर दुर्गापुर थाना में केस नंबर 92/26 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4)/316(2)/336(2)/338/336(3)/61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी. पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गयी है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है, यदि आरोप सही पाया जाता है, तो मामला काफी गंभीर है. बिना किसी के जानकारी के इतनी बड़ी राशि का लोन बैंक से निकलना करीब-करीब नामुमकिन होता है.अमिता प्रियम ने अपनी शिकायत में बताया कि 17 फरवरी 2026 को उन्हें पता चला कि दुर्गापुर के एक बैंक से उनके नाम पर 1.40 करोड़ रुपये का बिजनेस लोन 28 जून 2021 को निकला है. इस लोन के मंजूर होने के समय वह हैदराबाद में रह रही थी. इसके लिए कोई फिजिकल या ई केवाईसी का वेरिफिकेशन नहीं हुआ. उसने कभी भी बैंक में लोन के लिए आवेदन नहीं किया. उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड लिया गया और फर्जी हस्ताक्षर कर धोखाधड़ी किया गया. उन्हें डायग्नोस्टिक के मालिकों ने गलत तरीके से भागीदार के रूप में पेश किया. उन्हें वर्ष 2018 से डायग्नोस्टिक सेंटर के 25 फीसदी का भागीदार के रूप में दिखाया गया. लेकिन उन्हें वित्तीय विवरण और लाभ का कोई हिस्सा नहीं मिला है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >