बर्दवान/पानागढ़.
पूर्व बर्दवान जिले के खंडघोष विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के घोषित प्रत्याशी नवीन चंद्र बाग के खिलाफ पार्टी के ही एक गुट ने खुला विरोध शुरू कर दिया है. ब्लॉक स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए प्रत्याशी बदलने की मांग को लेकर बैनर लगा दिया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है.पार्टी के अंदर गुटबाजी तेज
तृणमूल के एक गुट ने अपने ही उम्मीदवार को हटाने की मांग तेज कर दी है. बैनर पर “तृणमूल कांग्रेस के आम कार्यकर्ता-समर्थक, खंडघोष” के नाम से विरोध दर्ज कराया गया है. इस घटनाक्रम से जिला नेतृत्व की चिंता बढ़ गयी है.
इलाके में बढ़ा तनाव
खंडघोष क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर गुटीय संघर्ष की स्थिति बन गयी है. कार्यकर्ताओं के बीच मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं, जिससे इलाके में तनाव फैल गया है. राजनीतिक हलकों में इसे चुनाव से पहले तृणमूल के लिए बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है.
