सीएल जामबाद ओसीपी में लगातार विस्फोट से खौफ

इसीएल के केंदा क्षेत्र के अधीन सीएल जामबाद ओसीपी पैच में हो रहे लगातार विस्फोटों को लेकर सिदुली पांच नंबर इलाके में दहशत का माहौल है.

अंडाल.

इसीएल के केंदा क्षेत्र के अधीन सीएल जामबाद ओसीपी पैच में हो रहे लगातार विस्फोटों को लेकर सिदुली पांच नंबर इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि विस्फोट से पैदा हो रही तेज कंपन के कारण उनके घरों में दरारें पड़ रही हैं और जान-माल का खतरा बढ़ गया है. यह इलाका ओसीपी पैच से महज करीब 100 फीट की दूरी पर स्थित है, जिस कारण हर विस्फोट का सीधा असर बस्ती पर पड़ रहा है.

घर के ऊपर गिर रहे पत्थर, उड़ रही धूल

स्थानीय निवासियों के अनुसार पांच नंबर पैच के सामने लगभग 75 घर स्थित हैं, जबकि करीब 300 फीट की दूरी पर मांझी पाड़ा बसा हुआ है. जब भी पैच में विस्फोट होता है, तब मिट्टी के टुकड़े और पत्थर उड़कर घरों पर गिरते हैं. लोगों का कहना है कि विस्फोट के साथ उठने वाली धूल और डस्ट के कारण रहना मुश्किल हो जाता है. कई परिवारों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है.

पुनर्वास की मांग, विस्फोट रोकने की अपील

स्थानीय लोगों की मांग है कि पैच का संचालन शुरू करने से पहले इलाके के निवासियों का पुनर्वास किया जाना चाहिए था. उनका कहना है कि जब तक पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक विस्फोट बंद किया जाए या फिर लोगों को किसी सुरक्षित स्थान पर अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया जाए. ग्रामीणों ने प्रबंधन से सुरक्षा के इंतजाम करने की भी मांग की है.

प्रबंधन का पक्ष

इस संबंध में सीएल जामबाद ओसीपी के एजेंट गदाधर मंडल ने कहा कि कंपन की तीव्रता मापने के लिए कंपन मीटर लगाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि विस्फोट से होने वाली कंपन को कम करने के लिए तकनीकी उपाय किए जाएंगे. यदि इसके बाद भी लोगों को परेशानी होती है, तो उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने पर विचार किया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >