कटवा फेरीघाट से गंगा नदी में गिर कर छात्र हुआ लापता
गुरुवार को पूर्व बर्दवान जिले के कटवा वल्लभपाड़ा फेरीघाट के पास गंगा नदी में नौका से एक किशोर अचानक पानी में गिर कर लापता हो गया.
By AMIT KUMAR | Updated at :
बर्दवान/पानागढ़.
गुरुवार को पूर्व बर्दवान जिले के कटवा वल्लभपाड़ा फेरीघाट के पास गंगा नदी में नौका से एक किशोर अचानक पानी में गिर कर लापता हो गया. उसका नाम आकाश साहा(17) बताया गया है, जो कटवा भारतीय भवन स्कूल में 11वीं का छात्र है. पुलिस ने बताया कि वह नदिया जिले का रहनेवाला है. स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूल से घर लौटते समय नौका से अनियंत्रित होने पर छात्र नदी में गिर गया.लेकिन नौका पर मौजूद नाविकों ने उसे बचाने की चेष्टा नहीं की, जिससे वह डूब गया. हालांकि स्थानीय युवक जॉनी मोल्ला ने नदी में कूद कर उस छात्र को बचाने की कोशिश की, पर आकाश का कुछ पता नहीं चल पाया. छात्र का स्कूल बैग व जूते बरामद किये गये हैं. स्कूल बैग से ही छात्र का नाम और स्कूल का पता चल पाया है. घटना की जानकारी के बाद आकाश के परिजन मौके पर पहुंच गये. आरोप है कि घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने नौका पर मौजूद नाविकों पर हमला भी किया. मौके पर पुलिस ने पहुंच कर परिस्थिति संभाली. पुलिस ने डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप की टीम को बोट के साथ छात्र की तलाश में लगा दिया है. अभी तक आकाश का पता नहीं चला है.