भाजपा सरकार बनते ही घुसपैठिया मुक्त होगा बंगाल

कोयलांचल के बरदही स्थित सुंदर नगर मैदान में शनिवार को भाजपा की आयोजित विशाल जनसभा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पहुंचीं.

रानीगंज.

कोयलांचल के बरदही स्थित सुंदर नगर मैदान में शनिवार को भाजपा की आयोजित विशाल जनसभा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पहुंचीं. बिना पंडाल के चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद हजारों कार्यकर्ता घंटों अपनी नेता का इंतजार करते रहे. जैसे ही रेखा गुप्ता मंच पर पहुंचीं, पूरा क्षेत्र ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा और कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व जोश देखने को मिला. मंच पर भाजपा नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया.

महिलाओं के लिए वादों की झड़ी

इस माह होनेवाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हुंकार भरते हुए रेखा गुप्ता ने महिलाओं के लिए लोक-लुभावन घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही बंगाल की महिलाओं को प्रति माह 3,000 रुपये की सम्मान राशि दी जायेगी. महिलाओं को सरकारी बसों में सफर करने का किराया नहीं देना होगा. महिला सुरक्षा भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान प्रशासन को बेटियों की इज्जत की परवाह नहीं है, उसे बस घुसपैठियों की चिंता है.

घुसपैठियों पर कड़ा प्रहार व संसाधनों पर अधिकार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साफ कहा कि बंगाल के संसाधनों पर पहला व एकमात्र अधिकार यहां के मूल निवासियों का है. उन्होंने चेतावनी दी कि चार मई के बाद घुसपैठियों के बंगाल आने का सिलसिला बंद होगा और उन्हें बाहर निकाला जायेगा. उन्होंने आगे कहा, “यह मां दुर्गा और छठीमैया में आस्था रखनेवालों की धरती है. अगर बिना डर के अपने धार्मिक अनुष्ठान करने हैं, तो भाजपा को सत्ता में लाना जरूरी है.

भ्रष्टाचार व परिवारवाद पर निशाना

ममता सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को केवल अपने भतीजे की चिंता है, राज्य की जनता की नहीं. उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनते ही टीएमसी के सभी भ्रष्टाचारी जेल की सलाखों के पीछे होंगे. उन्होंने कहा कि 15 वर्षों के कुशासन और अत्याचार का अंत 5 मई को होगा, जब इस कोयला अंचल में भाजपा के ””नए सूरज”” का उदय होगा.कार्यक्रम के दौरान रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के यदुवंशी कल्याण समिति के नेता संजीत कर यादव को अन्य तृणमूल कांग्रेस के समर्थको के साथ भाजपा का झंडा पकड़ा कर दल में शामिल किया. मौके पर राजस्थान के पूर्व मंत्री व विधायक जितेंद्र गोत्याल, रानीगंज के भाजपा उम्मीदवार पार्थो घोष, भाजपा के पश्चिम बर्दवान जिलाध्यक्ष देबतनु भट्टाचार्य, रानीगंज मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह, वरिष्ठ नेता सभापति सिंह, आशा शर्मा, दिनेश सोनी, रवि केसरी, मोनू वर्मा और तुषार कांति बनर्जी सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे. कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय मंडल व जिला नेतृत्व ने अहम भूमिका निभायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >