हटन रोड को जाम मुक्त करने की कवायद शुरू, वैकल्पिक इंतजाम का भरोसा

आसनसोल नगर निगम ने शहर के व्यस्ततम चौराहों में शामिल होटल रोड मोड़ (हटन रोड) को जाम से मुक्त करने की दिशा में मंगलवार से अभियान की शुरुआत की. इस मौके पर नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, डिप्टी मेयर अभिजीत घटक, बोरो चेयरमैन राजेश तिवारी समेत अन्य निगम अधिकारी हटन रोड पहुंचे. यहां अमरनाथ चटर्जी ने प्रेस मीट कर अभियान की जानकारी दी.

आसनसोल.

आसनसोल नगर निगम ने शहर के व्यस्ततम चौराहों में शामिल होटल रोड मोड़ (हटन रोड) को जाम से मुक्त करने की दिशा में मंगलवार से अभियान की शुरुआत की. इस मौके पर नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, डिप्टी मेयर अभिजीत घटक, बोरो चेयरमैन राजेश तिवारी समेत अन्य निगम अधिकारी हटन रोड पहुंचे. यहां अमरनाथ चटर्जी ने प्रेस मीट कर अभियान की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हटन रोड शहर का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे अस्पताल, रहमतनगर, बर्नपुर, मोहीशीला और बीसी कॉलेज जैसे इलाकों में जाया जाता है. ऐसे में अगर यह मार्ग लगातार जाम रहेगा तो लोगों को भारी कठिनाई होती है. इसी वजह से नगर निगम ने फैसला किया है कि इस मार्ग के दोनों ओर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाया जायेगा.

निकासी नाली का निर्माण भी बाधित

चेयरमैन चटर्जी ने बताया कि इस इलाके में जलजमाव की समस्या को हल करने के लिए निकासी नाली का निर्माण किया जा रहा है. लेकिन अवैध अतिक्रमण के कारण इसका निर्माण कार्य बाधित है. इसलिए बुधवार को मेयर विधान उपाध्याय, डिप्टी मेयर अभिजीत घटक, वसीम उल हक, बोरो चेयरमैन राजेश तिवारी और स्थानीय पार्षद मिलकर इलाके का दौरा करेंगे और अवैध रूप से दुकान लगाने वाले दुकानदारों से अनुरोध किया जायेगा कि वे गुरुवार तक अपनी दुकानें हटा लें. उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन दुकानदारों को हटाया जायेगा, उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जायेगी. इस बाबत नगर निगम में एक बैठक भी बुलायी जायेगी. टोटो चालकों के लिए चर्च के पास नया टोटो स्टैंड बनाया जायेगा ताकि वे हटन रोड मोड़ पर खड़े न हों.

डिप्टी मेयर अभिजीत घटक ने भी कहा कि किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया जायेगा लेकिन शहर के इस महत्वपूर्ण मार्ग को ट्रैफिक जाम से मुक्त करना भी जरूरी है. उन्होंने दोहराया कि अवैध अतिक्रमण के कारण ना सिर्फ जाम लगता है बल्कि नाली निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा है. उन्होंने कहा कि नगर निगम दुकानदारों से संवाद स्थापित कर उन्हें हटायेगा और उनके लिए वैकल्पिक इंतजाम सुनिश्चित किये जायेंगे ताकि उनकी रोजी-रोटी प्रभावित न हो.

‘टीएमसी ऑफिस से हो शुरुआत’, कांग्रेस का पलटवार

इस अभियान पर कांग्रेस नेता शाह आलम ने सवाल खड़े किये हैं. उन्होंने कहा कि नगर निगम इससे पहले भी जाम मुक्त करने के दावे कर चुका है लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकला. उन्होंने आरोप लगाया कि निगम हटन रोड से अतिक्रमण हटाने की बात कर रहा है लेकिन खुद तृणमूल कांग्रेस का पार्टी ऑफिस हटन रोड किनारे अवैध रूप से बना हुआ है. अगर अतिक्रमण हटाना है तो इसकी शुरुआत टीएमसी ऑफिस से होनी चाहिए.

शाह आलम ने कहा कि कांग्रेस विकास के खिलाफ नहीं है, लेकिन किसी गरीब के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले भगत सिंह मोड़ से गिरजा मोड़ तक दुकानदारों को हटाया गया था और उनके लिए वैकल्पिक इंतजाम का वादा किया गया था, लेकिन अभी तक कोई इंतजाम नहीं हुआ. उन्होंने आशंका जतायी कि कहीं हटन रोड से भी दुकानदारों को हटाकर उन्हें बेरोजगार न कर दिया जाये.

शाह आलम ने यह भी सवाल उठाया कि फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों को हटाया जा रहा है, लेकिन जो स्थायी दुकानदार अपनी दुकान की हद से बाहर अतिक्रमण कर रहे हैं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है.

नगर निगम के अधिकारियों की ओर से हालांकि यह भरोसा दिलाया गया है कि किसी के भी रोजगार पर प्रतिकूल असर नहीं डाला जायेगा और हर संभव सहयोग किया जायेगा. अब देखना यह होगा कि यह पहल वास्तव में जाम से राहत दिला पायेगी या पहले की तरह यह भी कागजों तक ही सीमित रह जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >