शहर में रसोई गैस की किल्लत को लेकर बुधवार को एलआइसी कार्यालय के पास स्थित प्रयास एचपी गैस एजेंसी के सामने उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में लोग जमा होकर एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे. उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस बुकिंग के करीब एक माह बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हुई है. कई लोगों के मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज आ चुका है, लेकिन वास्तविक रूप से सिलेंडर नहीं मिला. इससे लोगों में असंतोष बढ़ गया है.
पहले भी हो चुका है विरोध
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है. इससे पहले भी इसी मुद्दे पर उपभोक्ताओं ने विरोध करते हुए जीटी रोड तक जाम कर दिया था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ. बुधवार को उपभोक्ताओं ने एजेंसी अधिकारियों से जवाब मांगा, लेकिन स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी. अधिकारियों ने केवल आपूर्ति होने पर सिलेंडर देने की बात कही, जिससे लोग और नाराज हो गए और हंगामा बढ़ गया.
पुलिस ने संभाली स्थिति, चेतावनी जारी
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया. काफी देर बाद मामला नियंत्रित हुआ, लेकिन उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जायेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.