जनसंपर्क अभियान के दौरान लखन घरुई को झेलना पड़ा विरोध

राज्य में चुनाव घोषणा से पहले भाजपा की ओर से जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत पार्टी नेता घर-घर जाकर केंद्र सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं.

दुर्गापुर.

राज्य में चुनाव घोषणा से पहले भाजपा की ओर से जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत पार्टी नेता घर-घर जाकर केंद्र सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं. शनिवार को वार्ड 33 के फरीदपुर ग्राम इलाके में अभियान के दौरान भाजपा विधायक लक्ष्मण घरुई को लोगों का विरोध झेलना पड़ा. भाजपा विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं से संबंधित पर्चियां बांट रहे थे और लोगों से हाथ मिला रहे थे. तभी कुछ स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पहले अंडरपास बनाइये, फिर हाथ मिलाइये. इससे कुछ समय के लिए अभियान बाधित हो गया.

अंडरपास की मांग को लेकर रोष

स्थानीय लोगों का कहना है कि जीटी रोड के किनारे से फरीदपुर इलाका गुजरता है. गांव के लोगों को लगभग दो किलोमीटर घूमकर जीटी रोड पार करना पड़ता है. अंडरपास नहीं होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. लोगों का दावा है कि केंद्र सरकार को कई बार पत्र लिखे गए, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने लोगों से आवेदन करने की बात कही, जिस पर ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि विधायक ने अब तक पहल क्यों नहीं की. लोगों ने स्पष्ट कहा कि पहले अंडरपास के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, उसके बाद ही समर्थन दिया जाएगा.

तृणमूल ने साधा निशाना

इस घटना पर तृणमूल कांग्रेस के मंत्री प्रदीप मजूमदार ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि इससे साबित होता है कि विधायक ने साढ़े चार वर्षों में कोई ठोस काम नहीं किया. उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे केंद्र सरकार के अधीन है और अंडरपास निर्माण की जिम्मेदारी भी उसी की है.

विधायक ने दिया जवाब

विधायक लक्ष्मण घरुई ने जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने हर इलाके में जाकर विकास कार्य किए हैं. उन्होंने अपने स्तर से भी कई काम कराये हैं. उनका दावा है कि जनता उनके साथ है और आनेवाले चुनाव में भाजपा को जन-समर्थन मिलेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >