लोगों को लाइन में खड़ी करने वाली सरकार के लोगों से सावधान होने की जरूरत है: ममता बनर्जी

जिले के नानूर विधानसभा क्षेत्र के पापुड़ी ग्राम में बुधवार को राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी विधान चंद्र मांझी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया.

बीरभूम.

जिले के नानूर विधानसभा क्षेत्र के पापुड़ी ग्राम में बुधवार को राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी विधान चंद्र मांझी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला और कई राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय मुद्दों को उठाया.

एसआइआर और महंगाई पर हमला

ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में चुनाव जीतने के लिए भाजपा हर हथकंडा अपना रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि एसआइआर के नाम पर वैध मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाये जा रहे हैं. साथ ही गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने और लोगों को हर काम के लिए लाइन में लगाने को भाजपा की नीति बताया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राम नवमी के दौरान राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश की गयी.

केंद्र पर योजनाओं का पैसा रोकने का आरोप

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य के 100 दिन काम, आवास योजना, जल जीवन मिशन और शिक्षाश्री जैसी योजनाओं का पैसा नहीं दिया गया. इसके बावजूद राज्य सरकार ने इन योजनाओं को जारी रखा और बकाया भुगतान किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, लेकिन राज्य अपने अधिकार का पैसा ही मांग रहा है और किसी से भीख नहीं मांगेगा. नानूर की

पुरानी घटना और व्यक्तिगत अनुभव

ममता बनर्जी ने कहा कि जब वह केंद्रीय रेल मंत्री थीं, तब नानूर में 11 तृणमूल समर्थकों की हत्या कर दी गई थी. उस समय पीड़ित परिवारों के पास अंतिम संस्कार के लिए भी पैसे नहीं थे. सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार ने सभी धर्मों के लोगों के लिए अंतिम संस्कार सहायता योजना शुरू की. उन्होंने यह भी कहा कि नानूर आने के लिए उन्होंने दिल्ली से राजधानी ट्रेन पकड़कर दुर्गापुर तक यात्रा की थी, जिसके बाद दुर्गापुर में राजधानी का ठहराव शुरू हुआ.

वोटर लिस्ट और कानूनी लड़ाई मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार ने कानूनी लड़ाई के जरिये करीब 22 लाख लोगों के नाम फिर से वोटर लिस्ट में जुड़वाए हैं, जबकि अब भी 18 लाख से अधिक लोगों के नाम हटाए गए हैं. उन्होंने लोगों से आवेदन करने की अपील की और कहा कि सरकार कानूनी खर्च उठायेगी तथा ट्रिब्यूनल के माध्यम से लड़ाई जारी रखेगी.

किसान, योजनाएं और विकास कार्य

उन्होंने कहा कि बीरभूम और नानूर क्षेत्र में कई विकास कार्य किये गये हैं. किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिया जा रहा है और सिंचाई व्यवस्था मजबूत की गयी है, जिससे साल में तीन फसल हो रही है. खेत मजदूरों और किसानों को भत्ता दिया जा रहा है. लक्ष्मी भंडार और युवा साथी योजना का लाभ महिलाओं और युवाओं को मिल रहा है.

भाजपा पर सांस्कृतिक और सामाजिक आरोप

ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा बंगाल की संस्कृति और खान-पान पर सवाल उठा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि मछली, मांस और अंडा खाने पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है. साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में बंगाल के प्रवासी श्रमिकों के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है.

शांति और विकास के नाम पर अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, जबकि यहां शांति और सामाजिक एकता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि राज्य में शांति, अमन और विकास बनाए रखने के लिए तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताएं. इस जनसभा में तृणमूल कांग्रेस के सभी प्रत्याशी और कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >