बड़ा बाजार हनुमान मंदिर में आस्था का सैलाब हनुमान चालीसा संघ का भव्य अनुष्ठान

हनुमान जयंती के पावन अवसर पर रानीगंज के आस्था के प्रमुख केंद्र, बड़ा बाजार स्थित श्री हनुमान मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला.

रानीगंज.

हनुमान जयंती के पावन अवसर पर रानीगंज के आस्था के प्रमुख केंद्र, बड़ा बाजार स्थित श्री हनुमान मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला. श्री हनुमान चालीसा संघ की ओर से मंदिर में भव्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जहाँ सुबह से ही बजरंगबली के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.

40 वर्षों से जल रही है भक्ति की अलख

कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए श्री हनुमान चालीसा संघ के प्रमुख ओम प्रकाश बाजोरिया ने बताया कि संस्था पिछले 40 वर्षों से हनुमान जयंती के अवसर पर निरंतर इन अनुष्ठानों का आयोजन कर रही है. उन्होंने कहा कि पहले हनुमान जयंती के प्रति इतनी जागरूकता नहीं थी, लेकिन संघ के प्रयासों से आज लोगों में भारी उत्साह है और वे बढ़-चढ़कर इस पर्व को मना रहे हैं.

भोर से ही लगीं लंबी कतारें

धार्मिक अनुष्ठान आज सुबह 5:30 बजे से ही प्रारंभ हो गए थे. भोर के समय ही 300 से अधिक श्रद्धालु मंदिर पहुँच चुके थे. भक्तों की भीड़ का आलम यह था कि पूजा-अर्चना के लिए लोगों को एक घंटे से अधिक समय तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा. एक ओर जहाँ श्रद्धालु सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर प्रभु का अलौकिक श्रृंगार, पूजन, हवन और सवामणी का कार्यक्रम चलता रहा. पूरे दिन भक्तों के लिए प्रसाद की भी व्यवस्था की गई थी.

भजन संध्या व सामाजिक सरोकार

ओम प्रकाश बाजोरिया ने बताया कि संध्या काल में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ दुर्गापुर के श्याम मंडल के सदस्यों द्वारा सुमधुर भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे उन्होंने संस्था के सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्री हनुमान चालीसा संघ द्वारा जरूरतमंद लोगों के बीच हर महीने राशन का वितरण किया जाता है .अब तक 558 गरीब परिवार की बेटियों का विवाह संपन्न कराया जा चुका है.महिला सशक्तिकरण और नयी पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के लिए बच्चों को हनुमान चालीसा का पाठ सिखाया जा रहा है. उन्होंने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि आज की युवा पीढ़ी सनातन धर्म और संस्कारों के प्रति जागरूक हो रही है. इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मंदिर के मुख्य पुजारी पवन पुरोहित, पंडित जय प्रकाश पाठक, और राहुल मिश्रा का विशेष योगदान रहा. साथ ही संघ के सदस्य राज कुमार नांगलिया, बिमल अग्रवाल, राजीव बाजोरिया, पीयूष बाजोरिया, शम्भू कुमार और हनुमान चालीसा संघ की महिला शाखा की सदस्यों ने अपनी अहम भूमिका निभाई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >