पुरुलिया.
रघुनाथपुर शहर में अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत मिलनेवाली 3000 रुपये की राशि एक पुरुष के बैंक खाते में जमा होने का मामला सामने आया है. शहर के निवासी स्वदेश प्रिय महतो ने बताया कि उनका सरकारी बैंक में खाता है. पासबुक अपडेट कराने पर उन्हें तीन जून को खाते में अन्नपूर्णा योजना के 3000 रुपये जमा होने की जानकारी मिली, जिससे वे हैरान रह गये. स्वदेश प्रिय महतो ने बताया कि मामले का पता चलते ही वह बुधवार को रघुनाथपुर महकमा कार्यालय पहुंचे और पासबुक की जेरॉक्स प्रति के साथ अनुमंडल अधिकारी को लिखित आवेदन सौंप कर राशि वापस लेने की मांग की. श्री महतो ने आगे बताया कि बिना किसी कारण उनके खाते में यह राशि कैसे पहुंची, इसका स्पष्टीकरण मिलना चाहिए. उन्होंने इसके लिए सरकारी लापरवाही को जिम्मेदार बताया.मामले की जांच में जुटा प्रशासन
राज्य के मंत्री नादियार चांद बाउरी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. दावा किया कि सरकार बदलने के बावजूद कुछ ऐसे अधिकारी हैं, जिनका तबादला नहीं हुआ है और वे अब भी तृणमूल से जुड़े कार्यों में लिप्त हैं. इस पहलू की भी जांच की जा रही है.
अंतिम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार अंतिम जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही साफ हो सकेगा कि त्रुटि किस स्तर पर हुई. प्रारंभिक तौर पर बैंकिंग प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ी, डेटा एंट्री की भूल या गलत खाता संख्या दर्ज होने जैसी संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है. अफसरों ने कहा कि पूरे मामले की गहन पड़ताल की जायेगी.
