शादी की खुशियों पर ग्रहण, घर के मुखिया मन्नान अंसारी गुमशुदा

खुशियों की दस्तक और शहनाइयों की गूंज के बीच रानीगंज के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

रानीगंज.

खुशियों की दस्तक और शहनाइयों की गूंज के बीच रानीगंज के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वार्ड 35 की बॉम्बे कॉलोनी के रहनेवाले मन्नान अंसारी(52) बीते रविवार से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं. घर में शादी की रस्में शुरू होनी थीं, पर अब वहां सन्नाटा व मायूसी पसरी हुई है.

बेटे और बेटी का है होना है निकाह

बता दें कि आगामी 14 अप्रैल को मन्नान अंसारी के बड़े बेटे मोहम्मद महताब और छोटी बेटी सरवरी खातून का निकाह होना तय है. घर में शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और मेहमानों का आना शुरू होनेवाला था, लेकिन मुखिया के लापता होने से परिवार की खुशियां गम में बदल गयी हैं.

बीमारी और पहचान के संकेत

परिजनों ने बताया कि मन्नान अंसारी हाइ ब्लड प्रेशर के मरीज हैं. अक्सर बीपी बढ़ने पर उनकी याददाश्त कमजोर हो जाती है और वे चीजें भूलने लगते हैं. रविवार को वे रोजाना की तरह टहलने निकले थे, जिसके बाद वापस नहीं लौटे.उनकी पहचान के लिए परिजनों ने बताया कि बचपन में हुए एक हादसे के कारण उनके दाहिने हाथ की कलाई कटी हुई है.

सीसीटीवी में आखिरी बार जहां दिखे

परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश करते हुए जब डॉक्टर एम.एन. घोष रोड स्थित दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो मन्नान अंसारी रोनाई ईदगाह की तरफ जाते हुए दिखाई दिए. इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है. पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पंजाबी मोड़ फांड़ी पुलिस में गुमशुदगी की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है.

पुलिस प्रशासन से भावुक अपील

मन्नान अंसारी के छोटे बेटे और उनकी बीवी का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने रानीगंज पुलिस से हाथ जोड़कर विनती की है कि शादी के चंद दिन शेष हैं. ऐसे में घर के मुखिया को जल्द से जल्द ढूंढा जाए. परिजनों ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि इस हुलिए का कोई व्यक्ति कहीं दिखे, तो तुरंत पुलिस या परिवार को सूचित करें फिलहाल, रानीगंज पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए छानबीन में जुट गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >