रायना : खुदाई में मिली सेनकाल की विष्णु मूर्ति, बर्दवान विश्वविद्यालय को सुपुर्द

पूर्व बर्दवान जिले के रायना थाना क्षेत्र अंतर्गत पलाशन ग्राम के साईंपाड़ा इलाके में तालाब के लिए मिट्टी खोदने के दौरान मिली सेन युग की भगवान विष्णु की प्राचीन मूर्ति को शनिवार को पुलिस ने बर्दवान विश्वविद्यालय के संग्रहालय विभाग को सौंप दिया.

बर्दवान/पानागढ़.

पूर्व बर्दवान जिले के रायना थाना क्षेत्र अंतर्गत पलाशन ग्राम के साईंपाड़ा इलाके में तालाब के लिए मिट्टी खोदने के दौरान मिली सेन युग की भगवान विष्णु की प्राचीन मूर्ति को शनिवार को पुलिस ने बर्दवान विश्वविद्यालय के संग्रहालय विभाग को सौंप दिया. यह प्रतिमा अब विश्वविद्यालय संग्रहालय में सुरक्षित रखी जाएगी.

तालाब खुदाई के दौरान खुलासा

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को साईंपाड़ा इलाके में तालाब की मिट्टी काटने का काम चल रहा था. इसी दौरान जमीन के नीचे से एक प्राचीन पत्थर की मूर्ति सामने आई. ग्रामीणों की सूचना पर रायना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रतिमा को सुरक्षित रूप से थाना ले जाया गया. प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने इसे बर्दवान विश्वविद्यालय के संग्रहालय विभाग को सौंपने का निर्णय लिया. विशेषज्ञों के अनुसार, यह प्रतिमा 11वीं–12वीं सदी के सेन काल की भगवान विष्णु की मूर्ति है. प्रतिमा के नीचे वाले दाहिने हाथ में कमल, ऊपर वाले दाहिने हाथ में चक्र, बाएं हाथ में गदा और बाईं ओर के नीचे वाले हाथ में शंख दर्शाया गया है. प्रतिमा के दोनों ओर लक्ष्मी और सरस्वती की आकृतियां भी उकेरी गई हैं. मूर्ति की ऊंचाई करीब 33 इंच और चौड़ाई लगभग 13 इंच है. यह बेसाल्ट पत्थर से निर्मित है, जो उस काल की शिल्पकला को दर्शाता है.

संग्रहालय में शोध व संरक्षण की तैयारी

मिट्टी काटने के दौरान मशीन लगने से प्रतिमा को आंशिक क्षति पहुंची है. इसके बावजूद इसकी ऐतिहासिक और कलात्मक महत्ता बरकरार है. संग्रहालय के अधिकारियों ने बताया कि प्रतिमा को संग्रहालय में रखकर विस्तृत अध्ययन और दस्तावेजीकरण किया जाएगा. विश्वविद्यालय के संग्रहालय में इस दुर्लभ विष्णु प्रतिमा के आने से इतिहास और पुरातत्व के विद्यार्थियों को अध्ययन में विशेष सहूलियत मिलेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >