गुड न्यूज. लिंक फेल होने से परेशान उपभोक्ताओं को शीघ्र मिलेगी निजात
पिछले कई महीनों से बीएसएनएल के उपभोक्ता लिंक फेल होने की समस्या से परेशान थे. इसके कारण बैंकिंग व्यवस्था चरमरा लगी थी. कई सरकारी विभागों में कार्य बाधित हो रहा था. बीएसएनएल ने रेलटेल के ऑप्टिक के उपयोग के लिए अनुबंध कर बीते 26 मई से रेलटेल का उपयोग करना शुरू दिया है. दावा है कि धीरे-धीरे सेवा में काफी सुधार आयेगा.
आसनसोल. भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के दूरसंचार उपभोक्ताओ ं को शीघ्र ही लिंक फेल होने की समस्या से निजात मिलने वाली है. बीते 26 मई से आसनसोल सहित पूरे शिल्पांचल में रेलटेल के फाइबर ऑप्टिक का उपयोग कंपनी ने शुरू कर दिया है.
यह जानकारी कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक आरएन झा ने दी. सनद रहे कि राष्ट्रीय राजमार्ग दो के सिक्स लेनिंग, पाइप लाइन बिछाने जैसे कार्यो के कारण बीएसएनएल के भूमिगत फाइबर ऑप्टिक केबल के कटने से शिल्पांचल के बैंकों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लिंक फेल होने के परिणामस्वरूप एटीएम से पैसे की निकासी न होना, बैंकों में खाते से जमा और निकासी न कर पाना, मोबाइल और लेंड फोन में कनेक्टिविटी की समस्या से आसनसोल के बीएसएनएल उपभोक्ता लंबे समय से परेशान रहे.
24 फरवरी को पश्चिम बंगाल दूरसंचार परिमंडल के मुख्य महाप्रबंधक आरएन झा(भारतीय दूरसंचार सेवा) के आसनसोल आगमन के दौरान गोधूलि टेलीफोन एक्सचेंज में बीएसएनएल इम्प्लाइज यूनियन के कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में यूनियन कार्यकर्ताओं ने इस समस्या को गंभीरता से उठाते हुए समाधान की मांग की. इसके बाद मई महीने से आसनसोल मंडल में रेलटेल के फाइबर ऑप्टिक का प्रयोग कर बीएसएनएल नेटवर्क को दुरूस्त किया गया.
मुख्य महाप्रबंधक श्री झा ने बताया कि बीएसएनएल के रेलटेल के साथ हुए करार के तहत सालाना दो करोड़ रुपये किराये के अनुबंध पर रेल टेल के फाइबर ऑप्टिक को बीएसएनएल उपयोग में लाया जायेगा. इससे सड़क निर्माण और चौड़ीकरण से बीएसएनएल के भूमिगत तारों के क्षतिग्रस्त के कारण नेटवर्क प्रभावित होने की समस्या से बचा जा सकेगा और ग्राहकों को बेहतर नेटवर्क दिया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि कोलकाता से दुर्गापुर, कोलकाता से आसनसोल,कोलकाता से खड़गपुर, दुर्गापुर से आसनसोल यह परिसेवा आरंभ की गयी है. आने वाले समय में कुछ और शहरों में यह परिसेवा आरंभ किये जाने की योजना है.
उन्होंने बताया कि आसनसोल, दुर्गापुर में बीएसएनएल की ग्राहकों के बीच बेहतर पकड़ बनाने को लेकर कई नयी परियोजनाओं पर कार्य किये जायेंगे. जिनमें आसनसोल में कुछ नये वीटीएस बैठाये जायेंगे, आसनसोल के शहरी और ग्रामीण अंचलों विशेष कर पब्लिक उपयोगिता क्षेत्रों में वाइ फाई आरंभ किये जाने की योजना है.
अंडमान के शहरी अंचलों में वाइ फाइ सेवा आरंभ कर दी गयी है. उन्होंने यह भी बताया कि बीएसएनएल अपने काल रेट को बढ़ाने की सोच रही है. क्योंकि रेलटेल के साथ हुए करार के बाद कंपनी का खर्च बढ़ा है. इसको लेकर जल्द आधिकारिक बैठक की जायेगी.
आसनसोल बीएसएनएल डीजीएम ऑफिस के एजीएम स्वपन कुमार दे ने बताया कि आसनसोल में रेल टेल सेवा आरंभ किये जाने के बाद बीएसएनएल का नेटवर्क मजबूत हुआ है. अब ग्राहकों की शिकायतें कम आ रही हैं. आशा है कुछ ही दिनों में लिंक फेल को नियंत्रित कर लिया जायेगा ब्रांड बैंड परिसेवा भी ठीक हुई है.
