रुपनारायणपुर : सालानपुर थाना क्षेत्र के देंदुआ ग्राम पंचायत अंतर्गत रामडी गांव के निवासी नेपाल महतो के पुत्र रंजीत महतो मंगलवार की दोपहर घर के पास से गुजरे विद्युत के हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया.इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. हजारों की संख्या में स्थानीय निवासी टावर के पास जमा हो गये. रंजीत से टावर से उतरने का अनुरोध होने लगा.
डीवीसी के अधिकारी, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मी भी वहां पहुंच गये. तीन घंटे बाद शाम सवा छह बजे रंजीत खुद टावर से उतर गया और सभी ने राहत की सांस ली.
नेपाल महतो के चार पुत्रों में से तीसरा रंजीत स्थानीय रामडी मोड़ पर पान, सिगरेट और लॉटरी टिकट की दुकान चलाता है. पत्नी और दो संतान है. घरवालों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं है. मंगलवार की दोपहर दुकान बंद कर रंजीत घर आया और बिना कुछ बोले घर से निकल गया. कुछ देर बाद पता चला कि वह विद्युत के हाइ टेंशन टावर के शीर्ष पर चढ़ कर बैठा है. सूचना मिलते ही सभी लोग वहां पहुंचे.
अपराहन तीन बजे से उसे नीचे उतरने का अनुरोध किया जा रहा था. लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं था. वह बार-बार कह रहा था कि यदि कोई उसे उतारने आया तो वह हाइ टेंशन तार को छू कर जान दे देगा य ा फिर टावर से कूद कर जान दे देगा.
इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड (आसनसोल) को दी गयी. डीवीसी के अधिकारी भी पहुंच गये. सभी उसे नीचे उतारने के प्रयास में जुट गये. बाप्पा घोषाल की बात मानकर वह शाम सवा छह बजे नीचे उतर गया. नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे ले जाकर घरवालों के हवाले किया. घटना को देखने के लिये हजारों की संख्या में भीड़ वहां जुट गयी थी.
